State

शादी के बंधन में बंधे पंजाब के सीएम भगवंत मान, केजरीवाल ने दिया आशीर्वाद

चंडीगढ़ । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक सादे समारोह में डाक्टर गुरप्रीत कौर के साथ शादी के बंधन में बंध गए। भगवंत मान की यह दूसरी शादी है।शादी की सभी रस्में चंडीगढ़ स्थित सीएम हाउस में हुई जहां गिने-चुने लोगों को ही बुलाया गया। मुख्यमंत्री के शादी समारोह में केवल 80 लोगों के खाने-पीने की व्यवस्था की गई थी।

इस कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी व बेटी के साथ पहुंचे और शादी की रस्मों में भाग लिया और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। अरविंद केजरीवाल ने पिता की तो राघव चड्ढा ने भाई की रस्में निभाईं। शादी में मान और गुरप्रीत के परिवार के अलावा केजरीवाल का परिवार भी शामिल हुआ।

सीएम मान की पत्नी बन रहीं डॉ. गुरप्रीत कौर अपनी तीन बहनों में सबसे छोटी हैं। उनकी बड़ी बहन नीरू की शादी अमेरिका में हुई है जबकि दूसरी बहन जग्गू ऑस्ट्रेलिया में अपने परिवार के साथ रहती हैं। गुरप्रीत कौर के पिता इंद्रजीत सिंह के पास कनाडा की नागरिकता है, जबकि उनकी माता राज हरजिंदर कौर गृहिणी हैं। इस शादी समारोह में पंजाब का कोई मंत्री तथा विधायक शामिल नहीं हुआ। मुख्यमंत्री भगवंत मान की मां, बहन तथा अन्य पारिवारिक सदस्य यहां पहले से ही मौजूद थे।

32 साल की गुरप्रीत भगवंत (48) से 16 साल छोटी हैं। दोनों की मुलाकात करीब चार साल पहले हुई थी। भगवंत की यह दूसरी शादी है। पहली पत्नी से उन्होंने 2015 में तलाक लिया था। पहली शादी से मान के 2 बच्चे दिलशान (17) और सीरत (21) हैं, जो मां के साथ अमेरिका में रहते हैं। शादी की रस्मों के दौरान मीडिया की एंट्री नहीं हुई लेकिन राघव चढ्ढा ने प्रत्येक कार्यक्रम को अपने ट्वीट पर अपडेट किया।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button