
जयपुर । राजधानी जयपुर के सेज थाना इलाके के परसा गांव में रविवार को पैंथर घुस गया। जिसके बाद ग्रामीणों दहशत फैल गई। इसकी जानकारी लोगों ने पुलिस और वन विभाग को दी। वहीं मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पैंथर को ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू किया।
वन विभाग रेंजर जनेश्वर चौधरी ने बताया कि खाने की तलाश में पैंथर वन क्षेत्र से निकलकर आबादी क्षेत्र में घुस गया था। जहां आम लोगों को देखकर पैंथर डर गया और बाड़े में घुस गया। जहां से पैंथर को ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू कर लिया है। फिलहाल पैंथर का मेडिकल टेस्ट किया जाएगा। इसके बाद उसे एक बार फिर जंगल में छोड़ देंगे।
सेज थाना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर ग्रामीणों ने गांव में पैंथर आने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां पैंथर झाड़ियों में छुपा हुआ बैठा था। इसके बाद वन विभाग की घेराबंदी कर पैंथर को ट्रेंकुलाइज कर ने रेस्क्यू किया। इस पूरे ऑपरेशन में ग्रामीणों के साथ पैंथर भी पूरी तरह से सकुशल है।(हि.स.)



