PoliticsState

मध्यप्रदेश ने एक बार कर लिया कांग्रेस सरकार का अनुभव, अब रखें मोदी पर भरोसा : शाह

ग्वालियर : केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अगले साल होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले भारतीय जनता पार्टी के गढ़ रहे ग्वालियर में आज कहा कि राज्य की जनता ने एक बार कांग्रेस सरकार का अनुभव ले लिया है और अब जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा रखे।श्री शाह ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के हर क्षेत्र में किए गए कार्यों का विवरण दिया। अपने करीब 20 मिनट के संबोधन में श्री शाह ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यों से आज के कार्यों की तुलना भी की।

इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी उपस्थित रहे।श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के विकास के साथ समस्याओं का समाधान भी किया। देश की जनता अयोध्या में भव्य राममंदिर देखना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं होने दिया। केंद्र की वर्तमान सरकार में रक्त की एक बूंद भी बहाए बिना भव्य राममंदिर निर्माण हो रहा है। धारा 370 भी प्रधानमंत्री श्री मोदी के दृढ़ संकल्प से ही हट सकी।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार में गरीबों को ये अनुभव हो रहा है कि आजादी के बाद पहली बार कोई उनके बारे में सोच रहा है।इसी क्रम में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने एक बार कांग्रेस सरकार का अनुभव ले लिया है। कमलनाथ सरकार में सभी योजनाएं बंद हो गईं, जिन्हें बाद में शिवराज सिंह चौहान सरकार में दोबारा शुरु किया गया। उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि अब लोग ये ‘गलती’ ना दोहराएं। उन्होंने कहा कि अब सभी लोग प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा रखें।गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कभी भी केदारनाथ, उज्जैन और काशी विश्वनाथ जैसे स्थानों के बारे में नहीं सोचा। कांग्रेस ने देश की सांस्कृतिक विरासत को खस्ताहाल कर डाला। प्रधानमंत्री ने सभी मानबिंदुओं का सम्मान किया।(वार्ता)

https://twitter.com/i/broadcasts/1BRJjZDYMopJw

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button