
अब मोबाइल पर मिलेगी फ्री कानूनी मदद, लीगल ऐड एप करेगा मुश्किलें आसान
अब आप चंद सेकंड में अपने फोन पर एक एप के जरिए देश के किसी भी स्थान से कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। जी हां, भारतीय राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण यानि नालसा ने लीगल ऐड सर्विस एप लॉन्च किया है। इसके जरिए लीगल सेवा और संस्थानों से जुड़ी जानकारी फीड की जाएगी। चीफ जस्टिस एन. वी रमण ने एप को लॉन्च करते हुए कहा कि कानूनी सहायता के संवैधानिक अधिकार और मुफ्त कानूनी सहायता सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी का प्रसार आवश्यक है।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एन. वी. रमण आगे कहते हैं कि भारत में न्याय हासिल करना महज एक आकांक्षापूर्ण लक्ष्य नहीं है। इसे व्यावहारिक वास्तविकता बनाने के लिए हमें सरकार के विभिन्न अंगों के साथ मिल जुलकर काम करने की आवश्यकता है।



