काशी में नितिन नवीन का संगठन महामंथन, BJP की भावी रणनीति पर होगी अहम बैठकें
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 7 और 8 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय वाराणसी प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे वड़नगर से काशी पहुंचे ‘सेवा यात्रियों’ के स्वागत में जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन, ‘युवा संवाद’ और पार्टी के सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों व पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे। संगठन की समीक्षा और आगामी रणनीति पर भी विस्तार से मंथन होगा।
वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन 7 और 8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर वाराणसी में रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वड़नगर से काशी पहुंचे ‘सेवा यात्रियों’ के स्वागत में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन, ‘युवा संवाद’ तथा पार्टी की विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे।
सेवा यात्रियों के स्वागत में जगतपुर में होगी जनसभा
श्री नितिन नवीन 7 अक्टूबर को दोपहर वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे अपराह्न 3:30 बजे जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। यहां वड़नगर से काशी पहुंचे ‘सेवा यात्रियों’ के अभिनंदन के लिए आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर संगठन की ओर से महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है। जनसभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष सेवा यात्रियों का अभिनंदन करने के साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।
संगठनात्मक बैठकों में करेंगे मंथन
जनसभा के बाद श्री नवीन जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसॉर्ट पहुंचेंगे। यहां वे काशी क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी और क्षेत्रीय महामंत्रियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
पहले दिन के कार्यक्रम के अंतिम चरण में राष्ट्रीय अध्यक्ष विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशियों एवं अन्य आवेदकों के साथ भी बैठक करेंगे और चुनाव से जुड़े संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे।
बाबा विश्वनाथ के दरबार में करेंगे दर्शन-पूजन
प्रवास के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को सुबह 8 बजे श्री नितिन नवीन बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे देवाधिदेव महादेव का दर्शन-पूजन कर राष्ट्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।
इसके बाद सुबह 10 बजे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे युवाओं से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।
पूर्व पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक
‘युवा संवाद’ के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष गोकुल धाम रिसॉर्ट लौटेंगे। यहां वे पिछले तीन कार्यकालों के जिलाध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों तथा काशी क्षेत्र के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।
प्रवास के अंतिम चरण में श्री नितिन नवीन काशी क्षेत्र के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठकों में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और भावी संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
दो दिवसीय प्रवास के सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
काशी में आज 800 लोग करेंगे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक, जगतपुर में जुटेंगे 50 हजार
बलिया से लेकर बिजनौर तक की यात्रा को अब मात्र 10 घंटे में पूरा कर सकते हैं: सीएम



