Varanasi

देव दीपावली पर काशी में ग्रीन आतिशबाजी, लेजर शो और 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का भव्य आयोजन

वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली भव्य अंदाज में मनाई जाएगी। गंगा पार रेती पर शिव भजनों के साथ ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स, लेजर शो और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का ‘काशी-कथा’ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और पौराणिक विरासत को जीवंत करेगा। घाटों पर 11 लाख दीप जलाने की तैयारी है। लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी मजबूत कर रहा है।

वाराणसी : काशी की उत्तरवाहिनी मां गंगा के दोनों तट इस बार देव दीपावली पर अद्भुत रोशनी से जगमगाएंगे। एक ओर अर्धचंद्राकार घाट दीपों की माला पहनकर अलौकिक छटा बिखेरेंगे, तो दूसरी ओर गंगा पार रेती पर आसमान सतरंगी रोशनी से सराबोर होगा। यहां पर्यटकों को ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो, लेजर शो और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। भगवान शिव के भजनों की धुन पर होने वाली ग्रीन आतिशबाजी और आसमान में आकर्षक रंग-बिरंगे दृश्य देव दीपावली के उत्सव को और भव्य बनाएंगे।

शिव भजनों की धुन पर आसमान में बिखरेगी ग्रीन आतिशबाजी की सतरंगी छटा

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि गंगा पार रेती पर ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो की तैयारियां चल रही हैं। करीब 10 मिनट तक चलने वाले इस शो में भगवान शिव से जुड़े  “हर-हर महादेव शंभू ,डमरू बजाया भोलेनाथ ने ,शिव तांडव स्तोत्रम्,मेरा भोला है भंडारी, और   महाकाल” जैसे भजनों के नौ से दस ट्रैक पर आतिशबाजी का आयोजन होगा। इस दौरान आसमान में कई आकर्षक आकार और रंग-बिरंगे पैटर्न दिखाई देंगे।

श्री काशी विश्वनाथ धाम के सामने 10 मिनट तक दिखेगा ग्रीन आतिशबाजी का नजारा

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि  24 नवंबर को वाराणसी में आयोजित होने वाली देव दीपावली के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट के ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो का आयोजन प्रस्तावित है। लेज़र  शो में संगीत, लेजर और ग्रीन आतिशबाजी का समन्वय देखने को मिलेगा। योगी सरकार देव दीपावली को दिव्य और भव्य बनाने के लिए घाटों पर 11 लाख दीप जलाने के साथ इस तरह के विशेष आकर्षण भी तैयार की  है।

आतिशबाजी के दौरान प्रदूषण रहित रंग बदलने वाली आकर्षक आकृतियां आसमान में दिखेंगी

ऐक्सिस कम्युनिकेशन के वाइस प्रेसिडेंट संजय प्रताप सिंह ने बताया कि देव दीपवाली के अवसर पर भारत में पहली बार 8 इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल किया जाएगा ,आतिशबाजी के दौरान रंग बदलने वाली आकर्षक आकृतियां  आसमान में दिखाई देंगी। इस शो में इस्तेमाल होने वाले क्रैकर्स लगभग 8 इंच के शेल्स के माध्यम से आतिशबाजी के गोले लगभग 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे ,जमीन पर आतिशबाजी का फैलाव लगभग 1200 फीट चौड़ा होगा, आसमान में  जाने के बाद आतिशबाजी का विस्तार लगभग 1600 से 1800 फीट चौड़ा हो जाएगा। जिससे इनकी रोशनी दूर से भी दिखाई देगी। उनके अनुसार, ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स प्रदूषण रहित हैं।  आधुनिक तकनीक के माध्यम से तैयार यह आयोजन पारंपरिक आतिशबाजी से अलग अनुभव देने की तैयारी में है। माल्टा की आतिशबाजी से प्रेरित विशेष आकृतियां बनाई जाएंगी। इसमें आसमान में सुंदर ज्यामितीय डिजाइन,आकृतियां और कई रंगों में एक के बाद एक होने वाले शानदार धमाके देखने को मिलेंगे।

लेजर शो, संगीत और आतिशबाजी का संगम बनाएगा देव दीपावली को यादगार

पूर्णिमा की रात लेजर शो आसमान को जीवंत रंगों और आकर्षक पैटर्न से रोशन करेगा। शिव भजनों की धुन, लेजर की सतरंगी रोशनी और ग्रीन आतिशबाजी का एक साथ नजारा पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करेगा। मां गंगा के जल में आतिशबाजी और रोशनी का प्रतिबिंब इस दृश्य की खूबसूरती को और बढ़ाएगा। गंगा के दोनों तटों से पर्यटक घाटों पर होने वाली गंगा आरती के साथ गंगा पार रेती पर आयोजित इस विशेष शो का भी आनंद ले सकेंगे।

देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम

योगी सरकार के प्रयासों से काशी की देव दीपावली को स्थानीय आयोजन से वैश्विक पहचान मिली है। हर वर्ष इसकी भव्यता और आकर्षण बढ़ने के साथ देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भागीदारी भी बढ़ रही है। इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां कर रहा है। घाटों से लेकर प्रमुख सड़कों तक भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने की व्यवस्था बनाई जा रही है।

देव दीपावली पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग से विश्व को सनातन संस्कृति की गाथा सुनाएगी काशी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार काशी की सनातन परंपरा और धार्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी कर रही है। देव दीपावली पर काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को इस बार 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो के जरिए शहर के पौराणिक और आध्यात्मिक इतिहास से रूबरू कराया जाएगा। चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का भव्य ‘काशी-कथा’ शो आयोजित होगा। इसमें गंगा की लहरों के बीच काशी की धार्मिक यात्रा, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की गाथा दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। प्रांतीय मेले का दर्जा प्राप्त देव दीपावली इस वर्ष 24 नवंबर को मनाई जाएगी।

घाटों की ऐतिहासिक इमारतों पर जीवंत होगी सनातन संस्कृति की कहानी

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली काशी की देव दीपावली परंपरागत दीपमालाओं और मां गंगा की भव्य आरती के साथ इस बार आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम भी प्रस्तुत करेगी। गंगा तट पर सदियों से खड़ी ऐतिहासिक इमारतें काशी के धर्म, अध्यात्म, संस्कृति और पौराणिक इतिहास की साक्षी रही हैं। इन्हीं इमारतों पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से सनातन संस्कृति की गौरवगाथा को जीवंत किया जाएगा।

अनमॉर्फिक एलईडी स्क्रीन और 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का अनूठा संगम

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि पिछले वर्षों की प्रस्तुतियों से अलग इस बार दर्शकों को अत्याधुनिक तकनीक का खास अनुभव मिलेगा। शो में अनमॉर्फिक एलईडी स्क्रीन और 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का समन्वय किया जाएगा। डिजिटल डिस्प्ले पर उभरने वाले त्रिआयामी दृश्यों और ऐतिहासिक इमारतों पर पड़ने वाली प्रोजेक्शन लाइट के मेल से ऐसा आभास होगा, मानो डिजिटल दृश्य वास्तविक संरचना का ही हिस्सा हों। इससे दर्शक काशी के इतिहास और धार्मिक प्रसंगों को सजीव और प्रभावशाली रूप में देख सकेंगे।

शंखनाद और डमरू की गूंज से होगा ‘काशी-कथा’ का आगाज

25 मिनट के इस विशेष शो की शुरुआत शंखनाद और डमरू की गूंज से होगी। यह प्रस्तुति भगवान शिव की उपस्थिति और काशी की आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बनेगी। इसके बाद भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली मनाए जाने की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को दर्शाया जाएगा। साथ ही भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड से जुड़े प्रसंगों और गंगा स्वच्छता के संदेश को भी आकर्षक दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

आठ मिनट के भव्य लेजर शो से होगा समापन, प्रवेश रहेगा निःशुल्क

‘काशी-कथा’ कार्यक्रम के अंतिम चरण में लगभग आठ मिनट का भव्य लेजर शो आयोजित होगा। यह पूरी प्रस्तुति को और आकर्षक बनाएगा। देव दीपावली पर होने वाला 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो पर्यटकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसका प्रदर्शन निर्धारित समय के अनुसार रात 7:20 बजे से तीन बार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक काशी की आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक तकनीक के इस अनूठे संगम का आनंद ले सकें।

नकल पर लगाम, तकनीक का पहरा: UPSSSC की दोनों परीक्षाएं सकुशल संपन्न, 50% से भी कम अभ्यर्थी पहुंचे

Related Articles

Back to top button