
काशी में आज 800 लोग करेंगे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक, जगतपुर में जुटेंगे 50 हजार
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का समापन 7 अक्टूबर को होगा। वडनगर से काशी पहुंची बाइक सेवा यात्रा के करीब 800 यात्री और भाजपा कार्यकर्ता बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा होगी, जिसमें 50 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।
वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के समापन की तैयारियां काशी में अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 7 अक्टूबर को वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प बाइक यात्रा का समापन बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक और जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा के साथ होगा। बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए करीब 800 लोगों का जत्था मैदागिन से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगा, जबकि जगतपुर की जनसभा में 50 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।
मंगलवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद करीब 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और लगभग 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
वडनगर से काशी तक सेवा का संदेश
अशोक चौरसिया ने कहा कि वडनगर से काशी तक निकली बाइक सेवा यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक सहभागिता का अभियान रही। यात्रा के दौरान जिन राज्यों, जिलों और स्थानों पर बाइक सेवा यात्रियों का पड़ाव हुआ, वहां स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, रक्तदान समेत विभिन्न जनसेवा के कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सेवा और समाजसेवा के अनेक उदाहरण सामने आए।
सुबह नौ बजे संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में होगा स्वागत
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह सभी बाइक सेवा यात्री करीब नौ बजे बस से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान पहुंचेंगे। वहां सभागार में उनका स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। बाइक यात्रियों का तिलक, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव उद्बोधन को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सुना जाएगा।
22 कलशों के साथ 51 महिलाएं करेंगी पैदल यात्रा
कार्यक्रम के बाद सभी बाइक सेवा यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे। वहां से करीब 800 लोग पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। पैदल यात्रा में सबसे आगे 22 कलश रहेंगे। इनमें वडनगर की नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश शामिल होंगे। इनके साथ 51 महिलाएं भी चलेंगी। पैदल यात्रा में भाजपा के संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री, एमएलसी, कार्यकर्ता और बाइक सेवा यात्री शामिल होंगे। सभी बाबा विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार से प्रवेश करेंगे। मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा।
जगतपुर में नितिन नबीन की पहली काशी जनसभा
दोपहर 2:30 बजे जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा होगी। अशोक चौरसिया ने बताया कि काशी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन की यह पहली जनसभा है। पार्टी ने इसमें 50 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा है। जनसभा को लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पार्टी के झंडे और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव, गली और चट्टी-चौराहों तक पहुंचकर लोगों को जनसभा में आने का निमंत्रण दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भी मौजूद रहने की जानकारी दी गई है।
8 अक्टूबर को अयोध्या रवाना होंगे बाइक यात्री
सेवा संकल्प बाइक यात्रा के अगले चरण में 8 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे सभी बाइक यात्री अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या से यात्रा दिल्ली पहुंचेगी, जहां से सभी यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
पत्रकार वार्ता में पदाधिकारी रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, मधुकर चित्रांश, संतोष सोलापुरकर और शैलेन्द्र मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
अशोक चौरसिया ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से सेवा, समाज और संगठन की सहभागिता को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया है। 7 अक्टूबर को काशी में यात्रा के समापन, बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक और जगतपुर की जनसभा के साथ अभियान का प्रमुख कार्यक्रम संपन्न होगा।
बलिया से लेकर बिजनौर तक की यात्रा को अब मात्र 10 घंटे में पूरा कर सकते हैं: सीएम



