State

पुणे-औरंगाबाद मार्ग पर तीन मंजिला फ्लाईओवर का निर्माण होगा: नितिन गडकरी

मुंबई । केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पुणे-शिरूर अहमदनगर-औरंगाबाद मार्ग पर तीन मंजिला फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पुणे शहर से कई शहरों के रूट में बदलाव किए जाएंगे, इन सभी रूटों को टाउन प्लानिंग के हिसाब से डिजाइन किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार सुबह पुणे में ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए बैठक बुलाई थी। इस बैठक में उन्होंने पुणे मंडल में सड़क विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों को बताया कि चांदनी चौक पर बने पुल को अगले दो-तीन दिनों में गिरा दिया जाएगा और उसी जगह नया पुल बनाया जाएगा, जिसका उद्घाटन अगले साल जून में किया जाएगा। नितिन गडकरी ने पुणे में ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए खास किस्म की बसें चलाने की घोषणा की। इसके लिए फंडिंग के बारे में भी बताया और कहा कि इसमें जनप्रतिनिधियों की भागीदारी की भूमिका अहम होगी।

नितिन गडकरी ने कहा कि पुणे में इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस शुरू करने की योजना है, लेकिन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस की कीमत ज्यादा है। उसके लिए भी विभिन्न विकल्प हैं। केबल पर जमीन से ऊपर चलने वाली बसें कम खर्चीली होती हैं। यह भी सोचने का प्रयास है। इसके दो प्रकार हैं। एक बस होगी और दूसरी ट्रॉली होगी लेकिन इसमें कई मुद्दे हैं जिसपर विचार करने की जरूरत है। यदि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे जगह दी जाती है तो हम उस स्थान पर एक लॉजिस्टिक पार्क बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक्स पार्क के लिए 2 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वेद भवन के भूमि अधिग्रहण मामले के निराकरण के लिए जिला कलेक्टर के नेतृत्व में कमेटी गठित करने के निर्देश दिये गये हैं। इस काम का टेंडर 2019 में दिया गया था। नौ निजी संपत्तियों का अधिग्रहण किया जाना था। कलेक्टर इस संबंध में काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि चाकन एमआईडीसी से 27 किमी दूर पावलेवाड़ी में 180 हेक्टेयर में एक मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित करने का निर्णय लिया गया है, इसके लिए एमआईडीसी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं। इस परियोजना को संयुक्त रूप से लागू किया जा रहा है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button