National

देश ने वाजपेयी को श्रद्धाजंलि अर्पित की

नयी दिल्ली : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 5वीं पुण्यतिथि के अवसर पर देश ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य नेताओं ने राजघाट के समीप उनके समाधिस्थल ‘सदैव अटल’ पर अपने प्रिय नेता को श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

इस कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री के परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।इससे पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ट्वीट करके श्री वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। श्री मोदी ने कहा- श्री वाजपेयी के नेतृत्व से भारत को बहुत फायदा हुआ है। उन्होंने भारत की प्रगति को बढ़ावा देने और कई क्षेत्रों में इसे 21वीं सदी में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैं भारत के 140 करोड़ लोगों की तरफ से अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’

श्री बिरला ने अपने ट्वीट में पूर्व प्रधानमंत्री की एक कविता की कुछ पंक्तियां उद्धृत कीं –

‘बाधाएं आती हैं आएं
घिरें प्रलय की घोर घटाएं
पांवों के नीचे अंगारे
सिर पर बरसें यदि ज्वालाएं
निज हाथों से हंसते-हंसते
आग लगाकर जलना होगा
कदम मिलाकर चलना होगा।

पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन। उनकी पुनीत स्मृतियां हमारे लिए प्रेरणा हैं।’रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘अटलजी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें स्मरण एवं नमन करता हूं। उन्होंने देश को विकास और सुशासन के पथ पर अग्रसर किया। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।’

वाजपेयी के संकल्पों को साकार कर रही भाजपा सरकार : शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के बताए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए वैभवशाली, गौरवशाली और शक्तिशाली भारत के निर्माण के संकल्प पर काम कर रही है।श्री चौहान ने यहां पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय वाजपेयी की पुण्यतिथि पर स्थानीय डीबी मॉल के सामने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी स्वर्गीय वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्व. वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज श्रद्धेय वाजपेयी जी की पुण्यतिथि है। ‘हार नहीं मानूंगा, रार नई ठानूंगा, काल के कपाल पे लिखता मिटाता हूं, गीत नया गाता हूं’, इन पंक्तियों और अटल जी का पूरा देश आज भी दीवाना है। बेदाग राजनीतिक जीवन में प्रतिपक्ष में काम करते हुए और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारत माता की अद्भुत सेवा की। उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए वैभवशाली, गौरवशाली और शक्तिशाली भारत के निर्माण के संकल्प को लेकर भाजपा सरकार काम कर रही है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button