National

मुर्मु ने महात्मा गांधी को किया नमन, श्रद्धांजलि दी

मोदी ने बापू और शास्त्री को उनकी जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं जयंती पर उन्हें नमन किया और विनम्र श्रद्धांजलि दी।राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि गांधी जी ने केवल अहिंसा के लिए ही लड़ाई नहीं लड़ी बल्कि उन्होंने स्वच्छता, महिला सश्क्तिकरण, आत्मनिर्भरता और किसानों के अधिकारों के लिए भी समर्पित भाव से कार्य किया। उन्होंने कहा कि मैं सभी नागरिकों की तरफ से गांधी जी को उनकी 154वीं जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।

राष्ट्रपति ने कहा कि विश्व के कई बड़े नेता गांधी जी के विचारों से प्रभावित हुए जिनमें मार्टिन लूथ किंग जूनियर, नेल्सन मंडेला और बराक ओबामा भी शामिल हैं।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अलावा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा कांग्रेस नेता राहुल सहित कई अन्य राजनीतिक दिग्गजों ने भी राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।इससे एक दिन पहले अपने संबोधन में श्रीमती मुर्मू ने कहा था कि गांधी के सत्य-अहिंसा ने दुनिया के लिए नया मार्ग खोला है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।श्री मोदी आज सुबह पहले राजघाट पहुंचे और उन्होंने बापू की 154वीं जयंती पर उन्हें याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रधानमंत्री के साथ इस दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ ही आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती है। श्री मोदी ने विजय घाट पहुंचकर शास्त्री जी को भी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना और आम आदमी पार्टी नेता आतिशी भी मौजूद थीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कहा, “गांधी जयंती के खास मौके पर वह महात्मा गांधी को नमन करते हैं। महात्मा गांधी का प्रभाव वैश्विक है, जो पूरी मानव जाति को एकता और करुणा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम हमेशा उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करते रहें। गांधी जी के विचार हर युवा को उस बदलाव का वाहक बनने में सक्षम बनाएं जिसका उन्होंने सपना देखा था, जिससे सर्वत्र एकता और सद्भाव को बढ़ावा मिले।”श्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को उनकी जयंती पर याद करते हुए कहा कि उनकी सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण और ‘जय जवान, जय किसान’ का प्रतिष्ठित आह्वान आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है। भारत की प्रगति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और चुनौतीपूर्ण समय में उनका नेतृत्व अनुकरणीय है। हम सदैव सशक्त भारत के उनके दृष्टिकोण को साकार करने के लिए कार्य करते रहें।

प्रधानमंत्री के अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी राजघाट और विजयघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता और पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम राजनेताओं ने राजघाट और विजयघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को याद किया।लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने राजघाट पर राष्ट्रपिता की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सत्य, अहिंसा, प्रेम और शांति पर आधारित उनके आदर्शें ने स्वतंत्रता संग्राम को नई शक्ति प्रदान की थी। उन्हें सार्व भौमिक विचार प्रत्येक मानव के कल्याण को लक्षित थे।”इसके बाद श्री बिरला ने विजयघाट पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा, “श्रद्धेय शास्त्री जी ने राष्ट्र सर्वोपरि की भावना का उद्घोष किया। वे मां भारती के सच्चे सपूत थे। उनके दृढ इरादों ने देश को नए उत्कर्ष पर पहुंचाया। यह राष्ट्र सदैव उनका कृतज्ञ रहेगा।”श्री खड़गे ने एक्स पर लिखा, “महात्मा गांधी जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, वह एक विचार, एक विचारधारा और हमारे महान राष्ट्र के नैतिक प्रतीक हैं। सत्य, अहिंसा, स्वतंत्रता, समानता और सह-अस्तित्व के उनके आदर्श शाश्वत मूल्य हैं। हम बापू की जयंती पर उनके आदर्शों के प्रति श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।”(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button