
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अधिक से अधिक मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।गुजरात में आज सुबह आठ बजे से मतदान शुरु हो गया और मतदान शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा। सौराष्ट्र, कच्छ और गुजरात के दक्षिणी हिस्सों के 19 जिलों के 89 विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हो गया है।प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “गुजरात में आज पहले चरण का मतदान है। मैं मतदान करने वाले सभी लोगों, विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान करता हूं।”
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में लगातार सातवीं बार रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद कर रही है। राज्य में परंपरागत रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला रहा है, लेकिन इस बार अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) के चुनावी मैदान में उतरने से यह मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।राज्य में पहले चरण के मतदान में करीब 2.39 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। राज्य के 19 जिलों में पहले चरण के मतदान में 89 सीटों पर कुल 788 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। इन उम्मीदवारों में 70 महिलाएं और 339 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।गुजरात में दूसरे चरण का मतदान पांच दिसंबर को होगा। चुनावी नतीजे आठ दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के साथ घोषित किए जाएंगे।
लोकतंत्र के पर्व पर बढ़-चढ़कर मतदान करें, नया कीर्तिमान बनायें: राजीव कुमार
गुजरात विधानसभा के पहले चरण का मतदान गुरुवार सुबह शुरू होने पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व पर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर मतदान का नया कीर्तिमान स्थापित करने का आग्रह किया।श्री कुमार ने कहा, “ गुजरात आज लोकतंत्र का पर्व मना रहा है। लोकतंत्र के इस पर्व पर मतदाता अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर मतदान का नया कीर्तिमान स्थापित करें। निर्वाचन आयोग के ओर से मैं गुजरात के 4.90 करोड़ लोगों से आज और पांच दिसंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील करता हूँ।”उन्हाेंने कहा, “ गुजरात में चार लाख से अधिक पीडब्ल्यूडी और 9.8 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक मतदाता हैं। हम इन सभी नागरिकों को हरसंभव सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने का प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में गुजरात विधानसभा के लिए पीडब्ल्यूडी और सौ वर्ष से अधिक के 10 हजार से अधिक मतदाता मतदान करेंगे जो हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ”
श्री कुमार ने कहा,“ दरअसल आयोग ने 182 मतदान केन्द्रों को प्रबंधन हमारे पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों को दिया है और इन बूथों पर वह ही आपको वोट डलवायेंगे, जो उनकी सशक्तिकरण का प्रयास है। इसी तरह 1274 बूथ पर सभी महिला कर्मचारी तैनात रहेंगी और वे आपको वोट डलवायेंगी। मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि राज्य विधानसभा चुनाव में अब की बार 4.77 लाख युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन सभी में 3.03 लाख से अधिक युवा मतदाताओं को जोड़ा गया है। मैं सभी युवा मतदाताओं से पुरजोर ढंग से मतदान करने की अपील करता हूं। ”श्री कुमार ने युवा मतदाताओं से कहा,“ मतदान करते समय बटन उसी तरह से दबायें जिस तरह से आप अपने दोस्तों और सोशल मीडिया पर बात करते के लिए अपने मोबाइल फाेन का बटन दबाकर बात करते हैं। युवा मतदाताओं का प्रेरित करने के लिए पहली बार 33 मतदान केन्द्रों का प्रबंधन पूरी तरह से युवा मतदान दलों से किया जाएगा। ये वे कर्मी हैं जो हाल ही में नियुक्त किए गए हैं। ये सभी 33 मतदान केन्द्रों में आपका स्वागत करेंगे और मतदान करवायेंगे। ”
उन्होंने कहा कि वह गुजरात के सभी मतदाताओं से मतदान करने के लिए आगे आने का आग्रह करते हैं। हाल ही में हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव संपन्न हुए हैं, जहां 75 फीसदी मतदान करने का रिकॉर्ड बना है। उन्होंने कहा कि अब गुजरात की बारी है और लोकतंत्र के पर्व में हिमाचल प्रदेश की तरह गुजरात में अधिक से अधिक मतदाता मतदान में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर एक नया रिकॉर्ड बनाएं।
गुजरात चुनाव: खड़गे ने लोगों से मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरूवार को गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में जाकर मतदान करने की अपील की।श्री खड़गे ने ट्विटर पर लिखा, “मैं गुजरात के लोगों से अपील करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान केन्द्र में पहुंचकर मतदान करके लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं। गुजरात की जनता परिवर्तन के लिए एकजुट रहे।”कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट किया और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्हाेंने कहा, “गुजरात के प्रगतिशील भविष्य के लिए भारी संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं।”
उल्लेखनीय है कि गुजरात विधानसभा के पहले चरण में 89 सीटों के लिए आज सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम साढ़े पांच बजे समाप्त होगा। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी कांग्रेस के उम्मीदवारों समेत कुल 788 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। जिनमें से 70 महिलाएं और 718 पुरुष हैं। इन सभी प्रत्याशियों के भाग्य को फैसला इलेक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन में बंद हो जाएगा।राज्य में 93 सीटों के लिए विधानसभा के दूसरे चरण का मतदान पांच दिसंबर को होगा। हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे।(वार्ता)



