Crime

देवरिया- वीडियो कॉल कर विवाहिता ने खाया जहर, मौके पर तुरंत पहुंचे दरोगा ने बचाई जान

मायके वालों ने एसओ के सीयूजी पर वीडियो भेजकर जान बचाने की लगाई गुहार , दरोगा ने दीवार फांद कर कमरा खुलवाया और महिला को पहुंचाया अस्पताल .

बरहज, देवरिया । ससुरालियों से नाराज एक विवाहित ने मायके वालों के मोबाइल पर वीडियो कॉल कर जहर खा लिया और वीडियो बनाकर वाट्सएप कर दिया। मायके वालों ने महिला को बचाने के लिए वीडियो को एसओ बरहज के सीयूजी नंबर पर भेज दिया। वीडियो मिलते ही पुलिस विवाहिता के घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर ताला बंद मिला। एक दरोगा दीवार फांद कर अंदर पहुंचे तो परिजनों ने बताया कि महिला ने कमरा बंद कर लिया है। पुलिस ने उस महिला के कमरे का दरवाजा खुलवाया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जिससे उसकी जान बच गई।

बरहज थाना क्षेत्र के बरहज कस्बे के तिवारीपुर वार्ड निवासी शालिनी विश्वकर्मा की शादी तीन साल पहले चंद्रकांत विश्वकर्मा से हुई है। मंगलवार की सुबह उसने वीडियो कॉल कर मायके वालों को बताया कि वह जहर खाकर जान देने जा रही है। महिला ने जहर खाते हुए मायके वालों को दिखाया और वीडियो भी बना लिया। इसके बाद उसने वीडियो को मायके वालों को वाट्सएप कर दिया। बनारस निवासी एक महिला ने बरहज एसओ के सीयूजी नंबर पर वीडियो को भेज दिया और घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस तिवारीपुर वार्ड की ओर दौड़ पड़ी। आसपास के लोगों से पूछते हुए पुलिस शालिनी विश्वकर्मा पत्नी चंद्रकात के घर पहुंच गई।

घर का मेन गेट बंद था, आवाज लगाने पर कोई नहीं आया तो दरोगा सुमित राय ने बाउंड्री फांदकर घर में प्रवेश किया। छत पर मिले वृद्ध महिला व पुरुष से दरोगा ने महिला के बारे में जानकारी ली। उन्होने बताया कि वह अपने कमरे में है। उन्होंने कमरे को खोलकर अंदर से महिला को निकाला और लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिससे उसकी जान बच गई। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत जहरीला पदार्थ खा लेने से बिगड़ी है। अब हालत में सुधार हो रहा है। एसओ ने बताया कि महिला के जहर खाने की सूचना मिलने पर पुलिस उसके घर गई थी। वह ससुराल के लोगों से नाराज होकर यह कदम उठाई है।

Related Articles

Back to top button