Politics

माणिक साहा त्रिपुरा में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार: अमित शाह

अगरतला : त्रिपुरा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सभी अटकलों को विराम देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में माणिक साहा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।श्री शाह ने दक्षिण त्रिपुरा के सबरूम में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यदि भाजपा फिर से सत्ता में आती है तो डॉ. साहा पार्टी की ओर से राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

उन्होंने कहा, “माणिक भाई के नेतृत्व को पांच साल दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार त्रिपुरा को छोटे राज्यों में सबसे समृद्ध राज्य बनाएगी।”इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद विप्लब कुमार देव, केंद्रीय अधिकारिता और सामाजिक न्याय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक, और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्जी को पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की दौड़ में बताया गया था।

पार्टी नेताओं के अनुसार श्री शाह ने दिल्ली रवाना होने से पहले राज्य के शीर्ष नेताओं के साथ बातचीत के दौरान यह स्पष्ट किया कि त्रिपुरा भाजपा डॉ. साहा और उपमुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा के निर्देशन में काम करेगी और सभी को मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मिलकर काम करने को कहा गया।

श्री शाह ने रैली में कहा, “जब मोदी जी ने माणिक साहा को मुख्यमंत्री बनाया, तो मैंने उनसे राज्य में विकास को आगे बढ़ाने के लिए कहा। बहुत कम समय में राज्य में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार के विकास कार्यों को लागू करने वाले छोटे राज्यों में त्रिपुरा देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।”(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button