State

राष्ट्रपति पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर चौतरफा घिरे ममता के मंत्री

कोलकाता । पश्चिम बंगाल के कारागार मंत्री अखिल गिरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उनका एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह राष्ट्रपति के लुक को लेकर शर्मनाक टिप्पणी कर रहे हैं। उनकी इस अभद्र टिप्पणी पर वहां मौजूद सैकड़ों तृणमूल कार्यकर्ता और नेता तालियां बजाते नजर रहे हैं।मिली जानकारी के अनुसार गिरी ने यह टिप्पणी गुरुवार को पूर्व मेदनीपुर के नंदीग्राम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए की थी। भारतीय जनता पार्टी की बंगाल इकाई ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर यह वीडियो देर रात साझा किया है। इसमें अखिल गिरी कह रहे हैं, शुभेंदु अधिकारी कहते हैं कि मैं देखने में सुंदर नहीं हूं। हम राष्ट्रपति पद का सम्मान करते हैं लेकिन क्या कभी आपने अपनी राष्ट्रपति की सूरत देखी है ?

इस बयान को लेकर अखिल गिरी की चौतरफा आलोचना हो रही है। भाजपा ने उनकी टिप्पणी को तृणमूल कांग्रेस की आदिवासी विरोधी रवैये का परिचायक करार देते हुए कड़ी आलोचना की है। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा है कि ममता बनर्जी और उनके लोग शुरुआत से ही आदिवासियों के घोर विरोधी रहे हैं। जब देश के राष्ट्रपति के तौर पर पहली बार एक आदिवासी महिला के नाम का प्रस्ताव भाजपा ने दिया तब ममता बनर्जी ने उनका समर्थन नहीं किया। अब उनके कैबिनेट के मंत्री उनकी सूरत पर इतनी गिरी हुई टिप्पणी कर रहे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी इसे लेकर ट्वीट किया है और कहा है कि देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और वह भी एक महिला के खिलाफ जिस तरह की टिप्पणी अखिल गिरी ने की है वह शर्मनाक है। ममता बनर्जी ने अगर अब भी उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी यह वीडियो ट्विटर पर डाला है और लिखा है, “सीएम ममता बनर्जी हमेशा से आदिवासी विरोधी रही हैं। उनके मंत्री अखिल गिरी ने इसे और आगे बढ़ाया और राष्ट्रपति के लुक पर उनका अपमान किया। वह और उनकी सरकार आदिवासियों से इतनी नफरत क्यों करती है?”इस मामले में अभी तक टीएमसी नेताओं की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।इससे पहले, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी, कांग्रेस नेता उदित राज को भी राष्ट्रपति पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था। बाद में दोनों नेताओं ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी थी।

राष्ट्रपति पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मंत्री को मंत्रिमंडल से बाहर करें ममता बनर्जीः अर्जुन मुंडा

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मांग की है कि राष्ट्रपति पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मंत्री अखिल गिरि को वे अपने मंत्रिमंडल से बाहर करें।मुंडा ने यहां अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आश्चर्य की बात ये है कि पश्चिम बंगाल की सरकार, जहां स्वयं एक महिला मुख्यमंत्री है और उसके मंत्रिमंडल के सदस्य खुलेआम देश के महिला जनजाति राष्ट्रपति के ऊपर अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार के मंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता अखिल गिरि ने देश के राष्ट्रपति के ऊपर जिस तरीके से अभद्र टिप्पणी की है, वह निंदनीय है और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मामले में ममता बनर्जी को स्वयं स्पष्टीकरण देना चाहिए । क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के मंत्री ने इस तरह का गलत बयान दिया है । यह बयान उन्होंने किसके कहने पर दिया है, यह बयान देश का अपमान करने वाला है। ऐसे मंत्री को ममता बनर्जी को अपने मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त करना चाहिए और इस तरह के बयानों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

मुंडा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस नेता के बयानों से स्पष्ट होता है कि यह टीएमसी के चरित्र में है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की सरकार, देश के आदिवासियों और पश्चिम बंगाल के आदिवासियों का भी शोषण करती रही है, इसकी घोर निंदा करता हूं, क्योंकि ये बयान अशांति फैलाने वाले हैं।(हि.स.)।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button