
महाराष्ट्र भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात की
हिटलर की तरह विपक्ष को कुचलने का प्रयास कर रही है राज्य सरकार: देवेंद्र फडणवीस
नई दिल्ली । महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने सोमवार को केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात कर उन पर मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में हुए हमले से अवगत कराते हुए शिकायत दर्ज कराई। सोमैया ने आज यहां गृह मंत्रालय में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भल्ला को एक पत्र भी सौंपा। केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार पुलिस का माफिया की तरह उपयोग कर रही है। सोमैया ने मुंबई पुलिस कमिश्नर संजय पांडे पर आरोप लगाते हुए कहा कि ठाकरे सरकार के इशारे पर पांडेय ने उन पर फर्जी एफआईआर दर्ज़ की है। हमने केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात कर उनसे स्पेशल टीम भेजने का आग्रह किया है।
पूर्व सांसद ने कहा कि खार पुलिस स्टेशन के अंदर उन पर जानलेवा हमला किया गया है और उनकी हत्या की साजिश रची गई है। सोमैया ने कहा कि केंद्रीय गृह सचिव के साथ उनकी तकरीबन 20-25 मिनट बात हुई है। उन्होंने गृह सचिव को महाराष्ट्र के हालात से अवगत कराया है। महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। भाजपा नेता ने कहा कि केंद्रीय गृह सचिव ने उनकी बात गंभीरता से सुनी है। उन्होंने भल्ला से आग्रह किया है कि महाराष्ट्र में एक स्पेशल केंद्रीय टीम भेजने का आग्रह किया है । सोमैया ने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने उन्हें आश्वस्त किया है कि महाराष्ट्र में जो हो रहा है उसके संदर्भ में वह गृह सचिव अजय कुमार भल्ला के साथ विस्तृत में बात करेंगे। उन्होंने ये भी आश्वासन दिया कि वो इस मुद्दे पर जल्द से जल्द रिपोर्ट मंगवाएंगे।
हिटलर की तरह विपक्ष को कुचलने का प्रयास कर रही है राज्य सरकार: देवेंद्र फडणवीस
पूर्व मुख्यमंत्री तथा विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने महाविकास आघाड़ी सरकार पर हिटलर जैसा काम कर विपक्ष को कुचलने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संघर्ष करने वाली है, राज्य सरकार की इस तरह की कार्रवाई से डरने वाली नहीं है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हनुमान चालीसा पढ़ने की मांग करने पर महिला सांसद नवनीत राणा को गिरफ्तार किया गया और जेल में उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। इसकी शिकायत नवनीत राणा के वकील ने लोकसभा अध्यक्ष के पास भेजी है।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में जिस तरह से सरकार के विरोध में बोलने वालों पर चुन चुन कर कार्रवाई की जा रही है, यह लोकतंत्र में उचित नहीं है। भाजपा नेता मोहित कंबोज पर हमला किया गया। इसके बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया पर हमला किया गया जबकि किरीट सोमैया को जेड स्तर की सुरक्षा दी गई है। इस संदर्भ में उन्होंने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा है। इस संदर्भ में केंद्र सरकार अपने स्तर पर कार्रवाई करेगी। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नवनीत राणा तथा रवि राणा ने सिर्फ मातोश्री के सामने हनुमान चालीसा पढऩे की मांग की थी, इसमें गलत क्या था। हनुमान चालीसा का पाठ अब क्या पाकिस्तान में किया जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि सिर्फ हनुमान चालीसा पठन करने की मांग पर इन दोनों को राजद्रोह के तहत गिरफ्तार किया गया। हम भी हनुमान चालीसा पढ़ते हैं, हमें भी गिरफ्तार करो। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विपक्ष राज्य सरकार के गलत कामों को उजागर कर रहा है, इसलिए विपक्षी नेताओं को पुलिस के सहयोग से निशाना बनाया जा रहा है। इसके बावजूद विपक्ष सरकार से डरने वाला नहीं है। विपक्ष राज्य सरकार के गलत काम को उजागर करता रहेगा।



