बीरभूम । पंचायत चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के साथ जिलों का दौरा कर रहे दिग्गज नेता मिथुन चक्रवर्ती ने रविवार को बीरभूम के मल्लारपुर निमतला मैदान में जनसभा की है। यहां उन्होंने कहा है कि पंचायत की जीत हमें उपहार के तौर पर दीजिए उसके बाद मैं यहां बार-बार आऊंगा और मेरा नाच गाना तथा डायलॉग होता रहेगा। यह वादा कर रहा हूं।जनसभा में लोग लंबे समय से मिथुन चक्रवर्ती का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने संबोधन करना शुरू किया, आम लोगों का काफी उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि आम जनता को भी मेरे साथ इस बात को शपथ लेनी होगी कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर काम करना होगा। मुझे आप लोग यहां सोल्टा पंचायत उपहार के तौर पर दीजिए। मैं फिर आऊंगा मेरे साथ और लोग आएंगे, नाच, गाना, बजाना सब कुछ होगा। डायलॉग भी होगा।उधर से जनता चिल्ला रही थी कि पंचायत उपहार के तौर पर देंगे देंगे। जनसभा में लोगों की भारी भीड़ थी। इस दौरान संबोधन करते हुए महागुरु में कई सवाल भी जनता से पूछे। दसवीं की एक छात्रा ने माइक हाथ में लेकर कहा कि हम लोग जनरल कास्ट से हैं इसलिए हमें कुछ नहीं मिलता। यहां तक कि सामान्य स्कॉलरशिप भी नहीं दिया जाता। मेरा परिवार मेरी पढ़ाई के लिए खर्च भी नहीं जुटा पा रहा है।
इसके जवाब में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि रोज टीवी पर सुनता हूं बंगाल में यह श्री, वह श्री योजना है। क्या तुम्हें कुछ नहीं मिलता। इसके जवाब में छात्रा ने कहा कि नहीं मुझे कुछ नहीं मिलता। इसके बाद मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि महीने में तुम्हारी पढ़ाई पर कितना खर्च होता है? छात्रा कहा दो हजार रुपये। उसके बाद मिथुन चक्रवर्ती ने सांगठनिक जिलाध्यक्ष अष्टम मंडल से कहा कि मैं मंडल बाबू से कह रहा हूं आपके पढ़ाई लिखाई के लिए एक साल का खर्च भेज देंगे। नवनीता के पिता ने कहा, मिल में काम करता था लेकिन नौकरी चली गई है। रुपये के अभाव में बच्ची को पढ़ा नहीं पा रहा हूं। किसी सरकारी योजना लाभ नहीं मिलता। अगर मिथुन दा के कहने के मुताबिक मदद मिल जाती है तो काफी उपकार होगा।
ग्यारहवीं की एक छात्र ने बताया कि गांव की सड़कों पर भी बालू से भरी हुई गाड़ियां चलती हैं जिसकी वजह से डर लगता है। इसके जवाब में मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि इसके खिलाफ दूसरे छात्रों को लेकर सड़कों पर बैठकर आंदोलन शुरू करो। आवश्यकता पड़ने पर हमारे नेता आएंगे।एक महिला ने बताया कि पिछले 22 सालों से वह किराए के मकान में रह रही है। आवास योजना के तहत उसे घर नहीं मिला। इसके जवाब में मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि अब आपके किराया देने का दिन खत्म हो गया है। अपना घर बनेगा। स्थानीय प्रधान के साथ मिलिए। मंच पर उपस्थित दो भाजपा नेताओं को जिम्मेवारी देते हुए उन्होंने कहा कि इनसे मुलाकात करके समस्या का समाधान कीजिए।
एक महिला ने कहा कि पूरे देश का विकास हो रहा है लेकिन बंगाल में कुछ नहीं हो रहा है। इसके जवाब में मिथुन चक्रवर्ती के पास बैठे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि कई सारी विकास योजनाओं को ममता बनर्जी की सरकार बंगाल में लागू नहीं होने दे रहीं। अथवा जो योजनाएं आ रही हैं उसे तृणमूल कांग्रेस लूट ले रही है। इसीलिए लोग लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
तृणमूल का पलटवार
इसके जवाब में जिले के तृणमूल कांग्रेस के जिला संयोजक मुखर्जी ने कहा कि इसी मैदान में दो दिसंबर को जनसभा होगी। उसी दिन मिथुन चक्रवर्ती का जवाब दिया जाएगा। भाजपा जानती थी कि उनके लोग नहीं आएंगे इसलिए छोटा मैदान ढूंढ कर जनसभा करती है। जब हमारी जनसभा होगी तब पता चल जाएगा कि जनता किसके साथ है। उस जनसभा में देवांश भट्टाचार्य और महुआ मोइत्रा भी आएंगे।(हि. स.)



