State

कोलकाता हिंसा :अब तक 38 की गिरफ्तारी,बड़ी संख्या में बम बरामद,केंद्रीय से हस्तक्षेप की मांग की

कोलकाता । महानगर के इकबालपुर थाना अंतर्गत मोमिनपुर इलाके में नबी जयंती पर भड़की हिंसा के सिलसिले में अब तक 38 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनके पास से बड़ी संख्या में देसी और पेट्रोल बम बरामद किए गए हैं।कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने सोमवार सुबह हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण होने की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई की और उन सभी घरों में पुलिसकर्मियों ने दबिश दी, जहां से हमले हो रहे थे।

उन्होंने बताया कि हिंसा में शामिल 38 लोगों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी की गई है, जबकि बड़ी संख्या में देसी और पेट्रोल बम बम बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है और पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इन फुटेज के माध्यम से तनाव फैलाने वालों की शिनाख्त करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल इलाके में हालात तनावपूर्ण लेकिन काबू में है। पूरे क्षेत्र में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

मोमिनपुर हिंसा पर शुभेंदु ने केंद्रीय गृहमंत्री व राज्यपाल को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की

कोलकाता के इकबालपुर थाना अंतर्गत मोमिनपुर इलाके में नबी जयंती को लेकर दो समुदायों के बीच उत्पन्न तनाव और हिंसा को लेकर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने इसकी प्रति राज्यपाल ला गणेशन को भी भेजी है, जिसमें केन्द्र से हस्तक्षेप का अनुरोध कर राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की है।

शुभेंदु ने अपने पत्र में लिखा है कि 24 घंटे से लगातार रुक रुक कर हिंसा होती रही। योजनाबद्ध तरीके से हिंदू समुदाय के घरों में आगजनी, तोड़फोड़, बमबारी और पथराव होते रहे लेकिन पुलिस हालात को संभालने और कड़ी कार्रवाई के बजाय खबर को दबाने में जुटी हुई थी। उन्होंने प्रशासन की विफलता को रेखांकित करते हुए कहा है कि अगर केन्द्र सरकार हस्तक्षेप नहीं करेगी तो जान माल की सुरक्षा नहीं हो सकेगी। उन्होंने तत्काल इस मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की है और जोर देकर कहा है कि बंगाल में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती होनी चाहिए।(हि.स.)।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button