National

केजरीवाल को एक जून तक मिली अंतरिम जमानत

केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत सत्य की जीत: आप

नयी दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली आबकारी नीति से संबंधित धनशोधन के एक मामले में जेल में बंद आम आदमी पार्टी (आप) के संयाेजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को एक जून तक के लिए अंतरिम जमानत दे दी।न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने यह आदेश पारित किया।

पीठ ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से पेश सॉलीसीटर जनरल तुषार मेहता, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस वी राजू और अरविंद केजरीवाल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी की दलीलें सुनने के बाद सात मई को कहा था कि वह अंतिम जमानत पर आगे की सुनवाई गुरुवार या अगले सप्ताह पूरी होने पर कोई आदेश पारित करेगी।राऊज एवेन्यू स्थित काबेरी बाबेजा की विशेष अदालत ने सात मई को ही उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि 20 मई तक बढ़ाने का आदेश पारित किया था।

केजरीवाल को जमानत मिलने का कांग्रेस ने किया स्वागत

कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उच्चतम न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी इसी तरह से राहत मिलेगी।कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने श्री केजरीवाल को जमानत मिलने पर खुशी व्यक्त की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशान साधा कि वह जिस तरह की राजनीति करते हैं उसके लिए उन्हें चार जून को प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद साबरमती आश्रम में जाकर आत्म चिंतन करना चाहिए।

उन्होंने कहा,“उच्चतम न्यायालय से अरविंद केजरीवाल को जो राहत मिली है उसका हम स्वागत करते हैं। उम्मीद करते हैं कि चार जून तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री हो चुके होंगे और उसके बाद वह साबरमती आश्रम में बैठकर आत्म चिंतन और मनन करेंगे कि वह किस तरह की राजनीति करते हैं। साथ ही, यह भी उम्मीद करते हैं कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी शीघ्र अतिशीघ्र इसी तरह से न्याय मिलेगा। ”

मान ने केजरीवाल की अंतरिम जमानत का किया स्वागत
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल की अंतरिम जमानत मंजूर करने के फैसले का स्वागत किया।श्री मान ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर लिखा : “ उच्चतम न्यायालय का धन्यवाद…अब हम लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई को और शिद्दत के साथ लड़ेंगे…”उन्होंने दोहराया कि श्री केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं एक सोच हैं…और अब इस सोच को और तेज़ी के साथ आगे लेकर बढ़ेंगे…

केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत सत्य की जीत: आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि इस तानाशाही के अंधकार युग में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत देकर उच्चतम न्यायालय ने उजाले की रोशनी जलाई है।आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने संवाददाता सम्मेलन में गुरुवार को कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने इस देश, संविधान और लोकतंत्र से मोहब्बत करने वालों के दिलों में एक उम्मीद की किरण जगाई है। हम पूरी पार्टी और देश के लोगों की तरफ़ से सर्वोच्च न्यायालय का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि तानाशाही के इस अंधकार युग में श्री केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत देकर सर्वोच्च न्यायालय ने उजाले की रोशनी जलाई है। यह सत्य की जीत हुई है, क्योंकि बिना किसी सबूत और बिना किसी प्राथमिकी के आधार पर श्री केजरीवाल को अचानक गिरफ़्तार कर जेल में डाल दिया गया।

आप नेता ने कहा कि इस देश के अंदर लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए जो अभियान चलाया जा रहा है, वह श्री केजरीवाल के अंतरिम जमानत मिलने से और मज़बूत होगा।आप की नेता एवं दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी सिंह ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के इस फ़ैसले से देश में संविधान और लोकतंत्र की विजयी हुई है। हमेशा की इस बार भी सर्वोच्च न्यायालय ने संकट के समय सामने आकर निर्णय दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की चाह रखने वाली तानाशाही सरकार का अंत होगा।आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्र की पूरी मशीनरी श्री केजरीवाल को जेल में रखना चाह रही थी, लेकिन उनको अंतरिम ज़मानत मिलना चमत्कार से कम नहीं है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “उच्चतम न्यायालय का धन्यवाद। अब हम लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई को और शिद्दत के साथ लड़ेंगे। अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं, एक सोच है और अब इस सोच को और तेज़ी के साथ आगे लेकर बढ़ेंगे। इंकलाब जिंदाबाद।”उल्लेखनीय है उच्चतम न्यालया ने कथित शराब घोटाला मामले में श्री केजरीवाल को एक जून तक अंतरिम जमानत दे दी है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button