
रायपुर । जनता कांग्रेस (जोगी) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद से जेसीसीजे के बीजेपी में विलय होने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारे में दबी जुबान से इस बात की जमकर चर्चा हो रही है। हालांकि जोगी ने इस मुलाकात को ‘शिष्टाचार भेंट’ करार दिया है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। आनन-फानन में शाह से मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि पार्टी के कार्यकर्ता अपने भविष्य को लेकर काफी चिंतित हैं, इसलिए वो कांग्रेस के बाद अब बीजेपी में विलय चाहते हैं।
हाल ही में जेसीसीजे के कई कार्यकर्ताओं ने बीजेपी में प्रवेश किया है। वहीं 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के कई सीनियर कार्यकर्ताओं ने बीजेपी में प्रवेश किया था। विधानसभा चुनाव में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता बेहद नाराज चल रहे हैं। ऐसे दौर में जोगी का शाह से मुलाकात करने पर विलय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि अमित जोगी ने इस संबंध को कोई अधिकृत बयान नहीं दिया है।
जब साय से मिलने पहुंचे थे अमित-रेणु जोगी
आगामी तीन महीने में लोकसभा चुनाव होना है, जिसे लेकर बीजेपी ने अभी से कमर कस ली है। वहीं अमित जोगी ने कुछ दिनों पहले ही अपनी मां रेणु जोगी के साथ प्रदेश के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साव से मिलने पहुंचे थे, जिसकी तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर भी की थी। उस दौरान भी कयासों का दौरा गर्म था। (वीएनएस)



