Sports

आईपीएल की मेगा नीलामी 24 और 25 नवंबर को होगी सऊदी अरब में

नयी दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 की मेगा नीलामी सऊदी अरब के जेद्दाह में 24-25 नवंबर को आयोजित की जायेगी। यह दूसरी बार है जब आईपीएल की नीलामी विदेश में हो रही है।हाल ही में सभी फ्रैंचाइजी ने कुल मिलाकर 46 खिलाड़ियों को रिटेन किया था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर- ऑलराउंडर हेनरिक क्लासेन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 23 करोड़ रूपये सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया है।

भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) और वेस्टइंडीज के विकेटकीपर-बल्लेबाज निकोलस पूरन (लखनऊ सुपर जायंट्स) 21करोड़ रुपये की राशि के साथ संयुक्त रूप से दूसरे सबसे महंगे रिटेंशन रहे।दो दिवसीय नीलामी में राजस्थान रॉयल्स के पास 41करोड़ का सबसे छोटा बजट होगा क्योंकि राजस्थान की टीम उन दो टीमों में से एक थी जिन्होंने अधिकतम छह खिलाड़ियों को रिटेन किया है। मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी अपने मुख्य समूह के छह खिलाड़ियों को रिटेन किया है, लेकिन उनके पास 51करोड़ का बजट होगा क्योंकि उनके रिटेंशनों में दो अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। दोनों टीमों के पास नीलामी में राइट-टू-मैच (आरटीएम) कार्ड नहीं होंगे।

पंजाब किंग्स के पास सबसे मजबूत बजट होगा, जो 110.5 करोड़ रुपये है, क्योंकि उन्होंने कुल 120 करोड़ के बजट में से केवल 9.5 करोड़ रुपये अनकैप्ड जोड़ी शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह को रिटेन करने में खर्च किए हैं। पंजाब के पास नीलामी में अधिकतम चार आरटीएम कार्ड होंगे।मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटन्स, सनराइजर्स और सुपर जायंट्स ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिससे उनके पास नीलामी में केवल एक आरटीएम कार्ड होगा।रॉयल चैलेंजर्स ने तीन खिलाड़ियों को रिटेन किया था। इस कारण से उनके पास तीन आरटीएम कार्ड होंगे, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने चार खिलाड़ियों को रिटेन किया था और वे दो आरटीएम कार्ड के साथ नीलामी में जाएंगे। (वार्ता)

Related Articles

Back to top button