वाराणसी में ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का अनावरण, नितिन नबीन बोले- दिव्यांग खिलाड़ी किसी से कम नहीं
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह के तहत प्रस्तावित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का अनावरण किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ट्रॉफी का अनावरण करते हुए कहा कि दिव्यांगता शरीर की नहीं, मन की होती है। उन्होंने कहा कि अवसर और उचित मंच मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से देश-दुनिया में पहचान बना सकते हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प माह’ के तहत वाराणसी में प्रस्तावित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को होटल ताज में अनावरण किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि दिव्यांगता शरीर की नहीं, मन की होती है। दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। उन्हें यदि उचित अवसर और मंच मिले तो वे अपनी प्रतिभा के बल पर देश और दुनिया में पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि खेलों में दिव्यांग खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना को मजबूत करता है। दिव्यांग खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा से समाज के सामने नई मिसाल पेश कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से उनकी प्रतिभा को पहचान मिलने के साथ ही समाज में सकारात्मक और समावेशी सोच को बढ़ावा मिलेगा।
देशभर की दिव्यांग क्रिकेट टीमें लेंगी हिस्सा
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि वाराणसी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना, उनमें नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा करना तथा खेल के माध्यम से समावेशी भारत का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के वाराणसी में जुटने से शहर को भी इस आयोजन के माध्यम से एक सकारात्मक संदेश मिलेगा।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें प्रतिभाग करेंगी। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी क्रिकेट प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगी। उन्होंने टीमों की भागीदारी, आयोजन की तैयारियों और प्रतियोगिता के उद्देश्यों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने नितिन नबीन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से दिव्यांग खिलाड़ियों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिलता है। संयोजक वीरभद्र सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज तिवारी ने दी।
केरल में वही चुनाव आयोग, फिर सवाल क्यों? काशी में युवाओं के बीच नितिन नबीन का कांग्रेस पर तीखा वार
नितिन नवीन का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोले- ‘हिम्मत है तो पहले इस्तीफा दें’



