National

पन्नू के मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेगा भारत : विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली : भारत ने न्यूयॉर्क स्थित खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या के प्रयास को लेकर अमेरिका द्वारा दी गई जानकारी की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है और भारत सरकार उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आज यहां मीडिया के एक सवाल के जवाब में कहा, “हम पहले ही कह चुके हैं कि द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग पर अमेरिका के साथ चर्चा के दौरान, अमेरिकी पक्ष ने संगठित अपराधियों, बंदूक चलाने वालों, आतंकवादियों और अन्य लोगों के बीच सांठगांठ से संबंधित कुछ इनपुट साझा किए थे।”उन्होंने कहा, “हमने यह भी संकेत दिया था कि भारत ऐसे इनपुट को गंभीरता से लेता है क्योंकि वे हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा हितों पर भी प्रभाव डालते हैं, और संबंधित विभाग पहले से ही इस मुद्दे की जांच कर रहे थे। इस संदर्भ में बताया गया है कि बीते 18 नवंबर को भारत सरकार ने मामले के सभी प्रासंगिक पहलुओं की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया था।

श्री बागची ने कहा, “भारत सरकार उक्त जांच समिति के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करेगी।”एक रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिका ने खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश पर भारत के साथ जानकारी साझा की थी। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने सिख अलगाववादी नेता की हत्या के प्रयास को विफल कर दिया था और इस साजिश में भारत सरकार की कथित भागीदारी को लेकर ‘राजनयिक चेतावनी’ जारी की थी। ब्रिटिश दैनिक का यह भी दावा है कि अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने न्यूयॉर्क जिला अदालत में साजिश के कम से कम एक कथित अपराधी के खिलाफ एक सीलबंद अभियोग दायर किया है। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button