State

झांसी में बेतवा में चढ़ा पानी, चार लोग टापू पर फंसे

झांसी : उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण बेतवा नदी पर बने बांधों का पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर लगातार बढ रहा है और इस कारण झांसी जिले के बरूआसागर थानाक्षेत्र से लगभग पांच गांव बुरी तरह से प्रभावित हुए है । इस बीच अपने खेतों की रखवाली कर रहे चार लोग नदी के बीच टापू पर फंस गये हैं।पुलिस ने बताया कि बरूआसागर थानाक्षेत्र में खडेसर गांव के भूरे(17) पुत्र जमना , अशोक(21) पुत्र चतुर्भुज मणिराम(40) पुत्र वृषभान और हरि (40) पुत्र प्यारेलाल बेतवा नदी में बढ़े पानी के कारण एक टापू पर फंस गये हैं। यह सभी लोग खेतों की रखवाली के लिए गये थे लेकिन इसी बीच लगातार बढ़ते पानी में फंस गये और आज तो पानी इतना बढ़ गया कि चारों लोग टापू पर फंस गये।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया है।जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि बेतवा में पानी लगातार बढ़ रहा है । अभी दस पंद्रह दिन पहले भी इसी तरह लोग पानी के बीच फंस गये थे और लगातार प्रशासन की ओर से चेतावनी दी जा रही है कि नदी के बहाव क्षेत्र के आस पास भी नहीं जाएं। आज फिर से ऐसा ही एक मामला संज्ञान में आया है।राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम को चित्रकूट से बुला लिया गया है। स्थानीय प्रशासन मौके पर है और हालात का जायजा ले रहा है। टीम के पहुंचते ही बचाव कार्य शुरू किया जायेगा।इस बीच लोगों ने बताया कि पिछले चार पांच दिनों से गांव पानी से घिरे हैं और रोजमर्रा के सामान के लिए भी कड़ी मश्क्कत करनी पड़ रही है।

लगातार बारिश के कारण बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ा है और नदी पर बने विभिन्न बांधों के जलाश्य भरने के बाद अतिरिक्त पानी भी नदी में छोड़ा जा रहा है इसी कारण नदी के जलस्तर में तेजी से बढोतरी हो रही है। इस कारण खडेसर, उज्जियान, भीतरी , पंचाबहार और इटौरा गांवों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गये हैं। इटौरा गांव में बना पुल पानी में डूब गया है। ऐसे में बीमारों और बुर्जुगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं तो बीमार लोग नाव पर सवार होकर अस्पताल का रुख करने को मजबूर हैं।खेत में फसल डूब गयी है तो ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया है। उज्जियान गांव के लोगों ने बताया कि गांव को शहर से जोड़ने वाले दो मुख्य मार्ग हैं और जब भी बेतवा नदी में पानी बढ़ता है उनका गांव पूरी तरह से टापू बन जाता है चारों ओर से पानी से घिर जाता है और शहर से संपर्क पूरी तरह से टूट जाता है। इस बार भी यही हालात हैं। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button