
अयोध्या । श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक शुक्रवार को प्रारंभ हुई । बैठक की अध्यक्षता निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने किया। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय ने बताया कि सी बी आर आई के विशेषज्ञों ने उस प्रयोग को समझाया, जिसके अंतर्गत प्रति वर्ष रामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे सूर्य देवता की किरणें रामलला के ललाट को प्रकाशित करेंगी।
उन्होंने बताया कि मंदिर के वास्तुकार आशीष सोमपुरा ने मंदिर में लगने वाली मूर्तियों के स्वरूप और आकार पर अपने विचार रखे। सभी लोगों के सुझाव लिए गए, परकोटा की बारीकियों पर भी चर्चा हुई है ।उन्होंने कहा कि इस वर्ष पंचकोसी परिक्रमा पर अनुमानित 40 लाख से अधिक भक्तों ने परिक्रमा की, यह अभूतपूर्व था। सबकी इच्छा हुई कि पंचकोसी परिक्रमा पथ को देखा जाए। सायंकाल परिक्रमा पथ देखा गया।
इस अवसर पर अयोध्या जनपद के जिलाधिकारी नीतीश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा भी उपस्थित रहे।बैठक में निर्माण समिति के सदस्य बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के सेवानिवृत्त डायरेक्टर जनरल केके शर्मा भी , सी बी आर आई रुड़की के वर्तमान डायरेक्टर प्रोफेसर प्रदीप कुमार तथा सेवानिवृत्त डायरेक्टर गोपालकृष्णन अपनी वैज्ञानिक टीम के साथ बैठक में उपस्थित रहे।(हि.स.)



