
मेहनत को मिला सम्मान, संवेदनशील समाज ने थामा भविष्य का हाथ
भलुअनी, देवरिया के प्राथमिक विद्यालय गोविन्द बल्लभ पंत नगर में अर्धवार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर के समाजसेवियों ने छह छात्र-छात्राओं को गोद लेकर उनकी शिक्षा, संस्कार और आवश्यक जरूरतों में सहयोग का संकल्प लिया।
- भलुअनी के प्राथमिक विद्यालय में सम्मान समारोह, छह छात्र-छात्राएँ गोद लेकर शिक्षा सहयोग का भरोसा
भलुअनी, देवरिया। स्थानीय नगर पंचायत भलुअनी के वार्ड संख्या 8 स्थित गोविन्द बल्लभ पंत नगर (चकरा भार्गव) के प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार का दिन शिक्षा, संवेदना और सामाजिक दायित्व का जीवंत उदाहरण बन गया। अर्धवार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर न केवल उनकी मेहनत को सराहा गया, बल्कि समाज ने उनके उज्ज्वल भविष्य की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर उठाई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छह मेधावी छात्र-छात्राओं को नगर के प्रमुख समाजसेवियों ने गोद लिया, यह संकल्प लेते हुए कि वे उनकी शिक्षा, दीक्षा और अन्य आवश्यक जरूरतों में निरंतर सहयोग करेंगे।कक्षा 5 की निधि कुमारी को अखिलेश सिंह, कक्षा 4 की आकांक्षा को कन्हैया मद्धेशिया, कक्षा 3 की अनुष्का को विनोद मद्धेशिया, कक्षा 2 के आदित्य कुमार को द्वारिका मद्धेशिया तथा कक्षा 1 की आशा राजभर और अनुष्का राजभर को रविंद्र पाठक एवं पत्रकार सुरेश पांडेय ने गोद लेकर उनके पठन-पाठन में सहयोग का भरोसा दिया।

मुख्य अतिथि मध्यदेशीय वैश्य महासभा के जिलाध्यक्ष द्वारिका मद्धेशिया ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे ही आने वाले कल के सशक्त नागरिक हैं, जो अपने परिश्रम से विद्यालय, क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करेंगे। विशिष्ट अतिथि प्रमोद मिश्रा ने कहा कि आज सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी निजी विद्यालयों के छात्रों को कड़ी चुनौती दे रहे हैं, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। वहीं मंडल अध्यक्ष प्रणव दूबे ने विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित बेटी ही सशक्त समाज की नींव होती है।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा कुल 20 मेधावी छात्रों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर आत्मविश्वास और सपनों की चमक साफ झलक रही थी। विद्यालय के सहायक अध्यापक अरुण सिंह, मनोज तिवारी (सभासद प्रतिनिधि) ने भी अपने विचार रखे। प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन दुर्गेश कान्दू ने किया।इस अवसर पर सहायक अध्यापक अभिषेक पांडेय, दीपिका तिवारी, संजीव, कौशल्या देवी, श्याम सुंदर, पूनम सिंह, पत्रकार अरुण मिश्रा, मनोज कुमार मद्धेशिया, अतुल मिश्रा, डॉ. योगेश गुप्ता, मृत्युंजय कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं था, बल्कि यह संदेश था कि जब समाज और शिक्षा साथ चलते हैं, तब साधनहीन भी असाधारण बन जाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से थारू जनजाति को मिल रही है नई पहचान



