
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर के पास आज सुबह एक नहर में डूबने से एक नजदीकी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली चार बच्चियोंं की मौत हो गई।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोठी के पास की इस नहर में विद्यालय की 11 बच्चियां नहाने गई थीं। इनमें से छह बहने लगीं। दो को बचा लिया गया, लेकिन चार की मौत हो गई। ये सभी बालिकाएं संविद गुरुकुलम आवासीय विद्यालय ग्राम कोठी की कक्षा पांचवी की छात्राएं थी। इस विद्यालय का संचालन साध्वी ऋतम्भरा के ट्रस्ट द्वारा किया जाता है। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से चारों के शव बरामद कर लिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
आश्रम की करीब 11 छात्रायें नहर में नहाने गई थी। इसी दौरान वैशाली नवल सिंह (13) अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने में एक-एक कर उसकी तीन और सहेलियां भी पानी में डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से उन्हें खोजने का प्रयास किया गया। सभी के शव निकाल लिए गए हैं। मृतकों में प्रतिज्ञा छमिया (सनावद), दिव्यांशी चेतन (राजपुर -बड़वानी) और अंजना रमेश (बमनाला-खरगोन) शामिल हैं। बालिकाएं घाट पर रैलिंग से बंधी सांकल पकड़कर नहा रही थीं। इसी दौरान एक बालिका के हाथ से सांकल छूट गई और वह नहर के तेज बहाव में बहने लगी। उसे नहर में डूबता देखकर दूसरी बालिका नहर में कूदी पड़ी तो वह भी डूबने लगी। इनकी मदद के लिए अन्य चार बालिकाएं भी नहर में कूद गई और गहरे पानी में डूब गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और आश्रम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उनकी तलाश में जुट गए। इसके बाद मान्धाता और मोरटक्का चौकी से पुलिस अधिकारी भी गोताखोर के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण और गोताखोर की मदद से एक घंटे के रेस्क्यू आपरेशन में दो बालिकाओं की सही सलामत नहर से निकाल गया, लेकिन शेष चार बालिकाओं की नहीं बचाया जा सका। नहर में डूबने से चारों की मौत हो गई। पुलिस ने चारों बालिकाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नर्मदानगर एसडीओपी राकेश पेन्द्रों ने बताया कि बुधवार सुबह ओंकारेश्वर बांध की नहर में नहाते समय चार बालिकाओं की डूबने से मौत हुई है। मृतक बालिकाओं की पहचान 12 वर्षीय वैशाली पुत्र नवल निवासी ग्राम बड़िया, भीकनगांव, 11 वर्षीय कंचन (अंजना) पुत्री रमेश निवासी ग्राम सोमवाडा, भीकनगांव, 12 वर्षीय प्रतीक्षा पुत्री छनिया निवासी ग्राम दाभड़, सनावद और 10 वर्षीय दिव्यांशी पुत्री चेतक निवासी ग्राम इंद्रपुर रहतिया, बड़वानी के रूप में हुई है।
इन बालिकाओं के साथ नहाने गई एक बालिका ने बताया कि आश्रम के बाथरूम में पानी की दिक्कत के कारण वे सभी नहर में नहाने गई थीं। पहले एक बालिका डूबी और फिर एक-एक कर छह और डूबने लगी। वहां मौजूद लोगों ने दो को तो बचा लिया, लेकिन चार की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इस क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं और मामले की जांच कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि खंडवा में ओंकारेश्वर के पास नहर में बच्चियों के डूबने की खबर पीड़ादायक है। मन व्यथित है, हृदय द्रवित है। दिवंगत आत्माओं को ईश्वर श्रीचरणों में स्थान दे। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं।



