State

हावड़ा के पेंट कारखाने में भयावह आग, 18 घायल

कोलकाता । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सटे हावड़ा जिले के शिवपुर में मौजूद बर्जर पेंट कारखाने में बुधवार अपराह्न भयावह आग लग गई । पुलिस ने बताया है कि आग की चपेट में आने से कम से कम 18 लोग झुलस गए हैं। इसमें कारखाने के मैनेजर भी शामिल है। झुलसे हुए लोगों में सात लोगों को हावड़ा के दो निजी अस्पतालों में भर्ती किया गया है जबकि बाकी को कोलकाता के राजकीय अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। इनमें से कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया गया है कि जब आग लगी तब यहां 20 लोग काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया है कि 2:30 बजे के करीब अचानक तेज विस्फोट की आवाज सुनकर लोग बाहर आए थे तो देखा कि आग लगी हुई है। कारखाने के अंदर चीख-पुकार मची हुई थी। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पुलिस ने आग में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। यहां रासायनिक पदार्थों की मौजूदगी की वजह से आग बुझने के बजाय और तेजी से फैलती जा रही है।

अग्निशमन विभाग की छह गाड़ियां करीब तीन घंटे से मशक्कत कर रही हैं लेकिन इस पर काबू नहीं पाया जा सका है। सावधानी बरतते हुए यहां बिजली का कनेक्शन काट दिया गया है और आसपास की इमारतों से भी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।आग कैसे लगी है फिलहाल स्पष्ट नहीं है लेकिन दावा किया जा रहा है कि यहां एसी मशीन में विस्फोट के बाद आग लगी थी। बी गार्डन थाने की पुलिस मौके पर मौजूद है। कारखाने के अंदर अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त थी या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button