पटना । बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली नई महागठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार को हुआ। मंत्रिमंडल विस्तार में जहां जदयू के पुराने चेहरों को मौका मिला, वहीं राजद के 16 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।
राजद से बनाए गए मंत्री
राजद से तेज प्रताप यादव, कुमार सर्वजीत, ललित यादव, सुरेन्द्र यादव, अलोक मेहता, अनीता देवी, सुरेन्द्र राम, समीर महासेठ,शाहनवाज़ आलम, कार्तिक मास्टर, जितेंद्र राय, रामानंद यादव, चन्दशेखर यादव, सुधाकर सिंह, इस्राइल मंसूरी और मोहम्मद शमीम को मंत्री पद मिला है।
जदयू के बनाए गए मंत्री
जदयू से विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, श्रवण कुमार, संजय झा, लेसी सिंह, जमा खान, जयंत राज, सुनील कुमार, मदन सहनी और शिला मंडल को मंत्री बनाया गया है। इनके अलावा कांग्रेस से अफाक आलम और मुरारी गौतम को मंत्री पद मिला है। हम पार्टी से संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय सुमित कुमार सिंह प्रमुख चेहरा रहे जिन्हें आज मंत्री पद के लिए शपथ दिलाई गयी।
राजभवन के राजेंद्र मंडपम में 11:30 बजे मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। समारोह में सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, पूर्व सीएम राबड़ी देवी, जीतन राम मांझी समेत कई नेता मौजूद रहें।
राजद कोटे से 16, जदयू कोटे से 11, कांग्रेस से दो और हम से एक और निर्दलीय कोटे से एक
बिहार में महागठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार मंगलवार को हो गया है। नीतीश मंत्रिमंडल के कुल 31 मंत्रियों ने आज राजभवन के राजेन्द्र मंडप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मंत्रियों की सूची को देखा जाए तो इसमें जातीय समीकरण के हिसाब से यादव सरकार भी कहा जा सकता है। क्योंकि, 31 मंत्रियों में यादव जाति से कुल आठ मंत्रियों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है।सबसे ज्यादा यादव बिरादरी से मंत्री बनने के कारण यह भी कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार को मंत्री बनाकर कुर्मी को ताज और यादवों की भरमार वाली स्थिति है। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को जोड़कर कुल 33 लोग मंत्रिमंडल में शामिल हैं।
महागठबंधन की इस नई सरकार में यादव के कुल आठ मंत्री बनाये गये हैं। मुस्लिम समुदाय से पांच, अनुसूचित जाति से पांच, अतिपिछड़ा से चार (इसमें से एक धुनिया पसमंदा मुस्लिम), कुशवाहा समाज से दो, कुर्मी से दो, राजपूत से तीन, भूमिहार से दो, ब्राह्मण से एक, जबकि वैश्य समाज से एक मंत्री बनाये गये हैं। यादव जाति से आने वाले मंत्रियों में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सुरेन्द्र यादव, रामानंद यादव, ललित यादव, प्रो. चन्द्रशेखर यादव, जितेन्द्र कुमार राय और बिजेंद्र यादव शामिल हैं।(हि.स.)।



