National

ईडी ने मंत्री रतिन घोष के आवास पर की छापेमारी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रथिन घोष के आवास और एक दर्जन अन्य स्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को राज्य भर के नागरिक निकायों में कथित नौकरी के बदले नकदी घोटाले के संबंध में छापेमारी की।आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।ईडी अधिकारियों की टीमें सुबह करीब छह बजे उत्तर 24 परगना जिले सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंची और केंद्रीय सशस्त्र बलों के सहयोग से आरोपी अधिकारियों के घरों और कार्यालयों पर छापेमारी शुरू कर दी।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी ने उत्तर 24 परगना जिले के माइकल नगर स्थित मंत्री के घर सहित करीब 13 स्थानों की तलाशी ली। पहली बार ईडी अधिकारियों ने कथित घोटाले के संबंध में किसी मंत्री के घर पर छापेमारी शुरू की है।सूत्रों के मुताबिक, ईडी के अधिकारी सुबह छह बजे श्री घोष के आवास पर पहुंचे और रिपोर्ट दाखिल करने के समय भी वे वहीं थे। श्री घोष मध्यमग्राम नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष हैं। वह वर्तमान में मध्यमग्राम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले तृणमूल कांग्रेस के विधायक हैं। ईडी ने उत्तर 24 परगना जिले में कमरहाटी नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल साहा के घर पर भी छापा मारा।

मंत्री पर यह आरोप लगाया गया था कि 2014-18 के दौरान नकदी के बदले एक हजार से अधिक लोगों को विभिन्न नागरिक निकायों में नौकरी दी गई थी। सूत्रों ने दावा किया कि विभिन्न नगर पालिकाओं में नौकरी घोटाले से संबंधित आरोपों की जांच करते समय, ईडी के अधिकारियों ने अयान सिल के एबीएस इन्फोज़ोन के कार्यालय से आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। ईडी कथित घोटाले के मनी ट्रेल की जांच कर रही है। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button