State

ईडी का खुलासा : झारखंड में एक हजार करोड़ से अधिक का हुआ अवैध खनन

रांची । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चार्जशीट में खुलासा किया है कि झारखंड में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का अवैध खनन हुआ है। ईडी ने बुधवार को जारी प्रेस रिलीज में कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार पंकज मिश्रा को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। क्योंकि, वह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का राजनीतिक प्रतिनिधि है और विधानसभा क्षेत्र में संचालित कथित अवैध खनन गतिविधियों को सहयोगियों के जरिये नियंत्रित करता है।

ईडी के अनुसार पंकज मिश्रा की अवैध गतिविधियों से अर्जित 42 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति की पहचान की गई है। राज्य में अब तक अवैध खनन से अर्जित एक हजार करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों की पहचान हुई है। धनशोधन से जुड़े इस मामले में 47 तलाशी अभियान चलाए गए, जिनमें 5.34 करोड़ रुपये नकदी, 13.32 करोड़ रुपये बैंक जमा राशि, 30 करोड़ रुपये मूल्य का पानी जहाज, पांच स्टोन क्रशर और दो ट्रक जब्त किये गए। छापेमारी में दो एके-47 राइफल भी बरामद हुए हैं, जिन्हें बाद में झारखंड पुलिस ने अपना बताया था।

उल्लेखनीय है कि बीते 16 सितंबर को ईडी ने रांची की विशेष पीएमएलए अदालत में मिश्रा और उसके दो सहयोगियों-बच्चू यादव और प्रेम प्रकाश के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। पंकज मिश्रा, बच्चू यादव और प्रेम प्रकाश फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button