
वाराणसी । राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की वाराणसी टीम ने 4 किलो विदेशी सोने के साथ दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। बरामद सोने की कीमत दो करोड़ से अधिक बताई गई है। डीआरआई टीम को सूचना मिल रही थी कि कुछ तस्कर म्यांमार से सोना लाकर राजस्थान से कोलकाता, बिहार ,उत्तर प्रदेश, दिल्ली के बाजारों में विदेशी सोने की सप्लाई करते है।
इस धंघे में तस्कर पिता पुत्र शामिल है। टीम ने सटीक सूचना पर बीते गुरूवार की शाम चंदौली के पं.दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर खड़ी दूरंतो एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच से एक तस्कर और उससे पूछताछ के बाद वाराणसी से सहयोगी तस्कर को दबोच लिया।ट्रेन में गिरफ्तार तस्कर राजस्थान में सक्रिय तस्कर गिरोह के सरगना का पिता बताया गया। डीआरआई के अफसरों के अनसार 30 मार्च को डीआरआई गुवाहाटी ने एक बड़े स्मलगर व उसके दो साथियों को पकड़ा था। डीआरआई के छापेमारी में अब तक पॉच तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जिसमें 3 गुवाहाटी में पकड़े गए हैं और दो क्रमश: चंदौली और वाराणसी में। सोने की तस्करी का मुख्य सरगना गुवाहाटी में पकड़ा गया है जिस से लगातार पूछताछ जारी है। टीम पकड़े गए तस्करों से जानकारी इकट्ठा कर रही है।(हि.स.)



