नयी दिल्ली : उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में प्रोत्साहित करने का आह्वान करते हुए शुक्रवार को कहा कि देश की उपलब्धियों की किरकिरी नहीं करनी चाहिए।श्री धनखड ने यहां ‘हर घर तिरंगा ’ अभियान के अंतर्गत सांसदाें की बाइक रैली काे हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि पूरी दुनिया भारत की उपलब्धियों से आश्चर्यचकित है। प्रत्येक नागरिक को इस पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा, “ राष्ट्र को सर्वप्रथम रखो और देश की उपलब्धियों पर गर्व करो।” उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में, इतनी बड़ी उपलब्धियां हैं, देश के हर नागरिक के पसीने से वह उपलब्धियां है, उसकी किरकिरी नहीं करनी चाहिए। जहां से कुछ आवाज ऐसी आती है इस पर चिंतन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नेतृत्व की जिम्मेदारी देनी होगी, ताकि देश की विकास यात्रा को मजबूती से आगे बढ़ा सके। संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी, सूचना, प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, कृषि राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, बिजली और भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और कई लोकसभा और राज्यसभा सांसदों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले तिरंगा यात्रा में भाग लिया। रैली का समापन मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुआ।
बाइक रैली को रवाना करने के दौरान राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, परषोत्तम रूपाला, मीनाक्षी लेखी, अर्जुन राम मेघवाल, डॉ. जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। संवाददाताओं से बातचीत में केन्द्रीय संस्कृति मंत्री जी. किेशन रेड्डी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के समापन कार्यक्रम के तहत 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को इसमें शामिल होना चाहिए।
आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में देश में हर घर तिरंगा कार्यक्रम मनाया जाएगा, जिसमें लोगों को अपने परिसरों में झंडे फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना पैदा करना तथा इस महान राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने वालों को याद करना है। पिछले वर्ष, इस अभियान को अपार सफलता मिली, जिसमें करोड़ों परिवारों ने अपने घरों में तिरंगा फहराया और छह करोड़ लोगों ने हर घर तिरंगा वेबसाइट पर सेल्फी भी अपलोड की।



