
नयी दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में शुक्रवार को देश भर में कई स्थानों पर छापेमारी की।ईडी सूत्रों के मुताबिक बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और नेल्लोर समेत 40 स्थानों पर छापेमारी जारी है। इस मामले में 10 दिनों के भीतर यह एक और बड़ी कार्रवाई है।
इससे पहले गत छह सितंबर को ठंडी अधिकारियों ने देशभर में 35 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की थी।केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस महीने की शुरूआत में इसी मामले में गाजियाबाद में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बैंक लॉकर की तलाशी ली थी और उनके आवास पर लगभग 14 घंटे तक तलाशी अभियान छेड़ा था। सीबीआई ने श्री सिसोदिया और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।कथित शराब नीति घोटाले में एक कथित स्टिंग ऑपरेशन वीडियो सामने आने के एक दिन बाद श्री सिसोदिया ने वीडियो की सत्यता पर भी सवाल उठाया और भाजपा को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती दी।
श्री सिसोदिया ने गुरुवार को भाजपा पर अपने खिलाफ साजिश रचने और कथित स्टिंग वीडियो लाने का आरोप लगाया।उपमुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा,“भाजपा को यह स्टिंग तुरंत सीबीआई को सौंपनी चाहिए। अगर सीबीआई को इसमें सच्चाई मिलती है तो मुझे चार दिनों में गिरफ्तार कर लिया जाना चाहहए , अन्यथा यह मान लिया जाना चाहिए कि यह प्रधानमंत्री कार्यालय में रची गई साजिश है और प्रधानमंत्री को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।”(वार्ता)



