
स्क्वैश में दीपिका-संधू ने मिश्रित युगल में जीता स्वर्ण पदक
तीरंदाजी में महिला टीम के बाद पुरुष टीम ने भी जीता स्वर्ण पदक
हांगझोउ : दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल सिंह संधू की जोड़ी ने गुरुवार को एशियाई खेलों के इतिहास रचते हुए स्क्वैश मिश्रित युगल स्पर्धा में पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है।आज यहां हुए मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने फाइनल में मलेशिया के आइफा अजमान और मोहम्मद सयाफिक कमाल को 11-10, 11-10 से हराया। इस जोड़ी ने अपने सभी एशियाड मुकाबलों में सिर्फ दो गेम गंवाए थे।यह एशियाई खेलों में दीपिका का पहला स्वर्ण पदक है, जबकि संधू ने महाद्वीपीय प्रतियोगिता में अपना तीसरा पदक जीता। स्क्वैश मिश्रित युगल की सफलता ने 19वें एशियाई खेलों में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या 20 हो गयी है।
तीरंदाजी महिला कंपाउंड टीम ने जीता स्वर्ण पदक
भारतीय तीरंदाजी महिला कंपाउंड टीम ने गुरुवार को फाइनल में मुकाबले में चीनी ताइपे को 230-229 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।अदिति, ज्योति और परनीत की भारतीय जोड़ी शुरुआत में दो अंकों से पीछे चल रही थी, लेकिन दूसरे छोर के छठे तीर में चीनी ताइपे के 7-प्वाइंटर ने भारत को बढ़त दिला दी। फिर, अंतिम छोर तक स्कोर 171-171 रहा और भारत ने अंत मे चीनी ताइपे को एक अंक से हराकर स्वर्ण पदक मैच जीत लिया।इस बीच, ओजस प्रवीण देवताले, अभिषेक वर्मा और प्रथमेश जावकर की भारतीय पुरुष टीम आज दोपहर क्वार्टरफाइनल में मुकाबला करेंगे।
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को हराया
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने गुरुवार को ग्रुप ‘ए’ मुकाबले में चीनी ताइपे को 50-27 से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की।भारत तीन मैचों में लगातार जीत दर्ज करते हुए एशियन गेम्स 2023 कबड्डी की ग्रुप ए अंक तालिका में भी शीर्ष स्थान पर है। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम आज दोपहर ग्रुप ए के अपने चौथे मैच में जापान से भिड़ेगी। अगर जापान के ख़िलाफ़ भारत 74 अंकों से अधिक के अंतर से नहीं हारता है तो सेमीफाइनल में उसका मुक़ाबला पाकिस्तान से होगा।
पवन सहरावत की अगुवाई में भारतीय टीम ने इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में अपनी तीसरी जीत में चीनी ताइपे की टीम को तीन बार ऑल-आउट किया, जबकि एक बार उन्हें ऑल-आउट का सामना करना पड़ा।भारत बनाम चीनी ताइपे मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। कप्तान पवन सहरावत के रेड की मदद से भारत ने शुरुआती कुछ ही मिनट के बाद चीनी ताइपे को ऑल-आउट कर 10-2 की मज़बूत बढ़त हासिल की। इसके बाद सुरजीत ने भी भारत को लगातार कई टैकल प्वाइंट दिलाए और नवीन ने दो रेड में एक टच प्वाइंट और एक बोनस हासिल किया।
हालांकि, चीनी ताइपे की टीम ने पहले हाफ के ख़त्म होने से ठीक पहले कुछ अच्छे प्रयास किए। उन्होंने पहले पवन सहरावत को मैट से बाहर किया और फिर एक सुपर रेड करते हुए 4 अंक बटोरते हुए टीम को 12 अंक पर पहुंचा दिया।वहीं, पहले हाफ की समाप्ति तक भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने 28-12 के स्कोर के साथ बढ़त बनाई और पवन सहरावत एंड कंपनी ने चीनी ताइपे के खिलाफ 16 अंकों की बढ़त बरक़रार रखी।दूसरे हाफ की शुरुआत में ही भारत को मैच में पहले ऑल-आउट का सामना करना पड़ा जब भारतीय खेमे में बचे एकमात्र खिलाड़ी सचिन को विरोधी टीम ने आउट किया, लेकिन भारत ने जल्द ही पलटवार करते हुए चीनी ताइपे को तीसरी बार ऑल-आउट कर स्कोर को 41-19 कर दिया।
इसके बाद एक सुपर रेड करते हुए सचिन ने टीम को तीन अंक और दिलाए। भारतीय टीम ने इसके बाद भी लगातार चीनी ताइपे पर दबाव बनाए रखा और अंततः 50-27 के स्कोर के साथ 23 अंकों के अंतर से मुकाबला जीत लिया।एशियाई खेल 2023 पुरुष कबड्डी का सेमीफाइनल शुक्रवार को खेला जाएगा और फाइनल मुकाबला शनिवार को होगा। सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को भी कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।
तीरंदाजी में महिला टीम के बाद पुरुष टीम ने भी जीता स्वर्ण पदक
भारत के ओजस देवतले,अभिषेक वर्मा और जावकर प्रथमेश समाधान की जोड़ी ने पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी में गुरुवार को दक्षिण कोरिया को 235-230 के अंतर से हराकर इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लियाहै। इससे भारत की महिला टीम ने चीनी ताइपे को 230-229 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था।(वार्ता)



