National

माकपा नेता सीताराम येचुरी नहीं रहे

मुर्मु , धनखड़ , मोदी ने येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया

नयी दिल्ली : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी का लम्बी बीमारी के बाद गुरुवार को नयी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे।श्री येचुरी को 19 अगस्त को फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत के एम्स में भर्ती कराया गया था। वह गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) भर्ती थे। तबियत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, जहां उन्होंने आज अंतिम सांस ली।श्री येचुरी 2015 पार्टी के महासचिव चुने गये थे। वह राज्यसभा के सदस्य रह चुके थे। उन्हें 2016 में सर्वश्रेष्ठ सांसद का सम्मान दिया गया था।

मुर्मु , धनखड़ , मोदी ने येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु , उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ , लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया।श्रीमती मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा , ‘माकपा महासचिव सीताराम येचुरी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। पहले एक छात्र नेता के रूप में और फिर राष्ट्रीय राजनीति में और एक सांसद के रूप में उनकी एक विशिष्ट और प्रभावशाली आवाज थी। एक प्रतिबद्ध विचारक होते हुए भी उन्होंने पार्टी लाइनों से ऊपर उठकर मित्र बनाए। उनके परिवार और सहकर्मियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’श्री धनखड़ ने वरिष्ठ वामपंथी नेता सीताराम येचुरी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। श्री धनखड़ ने आज सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि श्री येचुरी ने अपने पांच दशक लंबे राजनीतिक जीवन में भारतीय लोकतंत्र को मजबूत‌ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।उन्होंने कहा “वरिष्ठ राजनेता सीताराम यह येचुरी के निधन से गहरा दुख पहुंचा है।मेरी संवेदना उनके परिजनों, मित्रों और अनुयायियों के साथ है। ओम शांति।”उप राष्ट्रपति ने कहा कि श्री येचुरी की जन सेवा की एक महत्वपूर्ण और समृद्ध विरासत है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया।श्री बिरला ने अपने शोक संदेश में कहा ‘वरिष्ठ राजनेता एवं पूर्व सांसद श्री सीताराम येचुरी जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस दुख को सहन करने का साहस दें। ॐ शान्ति।’प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माकपा के महासचिव और पूर्व सांसद सीताराम येचुरी के निधन पर दु:ख प्रकट किया और उनके राजनैतिक गुणों तथा सांसद के रूप में उनको याद किया है।श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक शोक संदेश में कहा, ‘श्री सीताराम येचुरी जी के निधन से दुखी हूँ। वे वामपंथ के अग्रणी नेता थे और सभी राजनीतिक दलों से जुड़ने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने एक प्रभावी सांसद के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”श्री शाह ने अपने संदेश में कहा , ‘माकपा महासचिव एवं पूर्व राज्यसभा सांसद, सीताराम येचुरी जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उनका निधन राजनीतिक क्षेत्र के लिए क्षति है। मैं उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय को सहने की शक्ति दे।

‘कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी माकपा नेता सीताराम येचुरी को अपना परम मित्र बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।श्री गांधी ने कहा “सीताराम येचुरी जी मित्र थे। हमारे देश की गहरी समझ रखने वाले भारत के विचार के संरक्षक। मैं हमारे बीच होने वाली लंबी चर्चाओं को याद करूंगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”कांग्रेस ने अपने आधिकारिक पेज पर ट्वीट कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा “माकपा के महासचिव और वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने माकपा के कद्दावर नेता और राज्यसभा सांसद सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया।कोयंबटूर में पत्रकारों से बात करते हुए श्रीमती सीतारमण ने संसद में बहस के दौरान श्री येचुरी के योगदान को याद किया।वित्त मंत्री ने कहा कि श्री येचुरी माकपा के बहुत वरिष्ठ नेता थे और वह (निर्मला सीतारमण) और श्री येचुरी जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में पढ़ते थे लेकिन श्री येचुरी ने उनके अध्ययन से कई साल पहले ही जेएनयू में अध्ययनरत थे।श्रीमती सीतारमण ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।

आम आदमी पार्टी (आप) ने भी माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह हमारी यादों में सदा अमर रहेंगे।आप ने एक्स पर शोक जताते हुए कहा ‘इंडिया गठबंधन में हमारे मजबूत साथी एवं माकपा के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी के निधन की खबर अत्यंत दुखदाई है।” उन्होंने कहा ‘ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके परिवार और समर्थकों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। येचुरी जी हमारी यादों में सदा अमर रहेंगे।’उल्लेखनीय है कि सीताराम येचुरी का 72 साल की उम्र में आज यहाँ एम्स में निधन हो गया। उन्हें 19 अगस्त को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी , तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, केरल के मुख्यमंत्री पिरानाई विजयन सहित अनेक नेताओं ने श्री येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।सुश्री बनर्जी ने अपने शोक संदेश में कहा , “यह जानकर दुख हुआ कि श्री सीताराम येचुरी का निधन हो गया है। मैं उन्हें एक अनुभवी सांसद के रूप में जानती हूँ और उनका निधन राष्ट्रीय राजनीति के लिए एक क्षति होगी। मैं उनके परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।”उल्लेखनीय है कि श्री येचुरी का आज यहां राष्ट्रीय राजधानी के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह कई दिनों से फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थे। उन्हें 19 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया  पर लिखा-प्रभु श्रीराम परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीताराम येचुरी के निधन पर शोक जताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई-एम) के महासचिव व पूर्व राज्य सभा सांसद सीताराम येचुरी का निधन दुःखद है।प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति! गौरतलब है कि 72 वर्षीय सीताराम येचुरी काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा था, जहां गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 2005 से 2017 तक राज्यसभा के सांसद रहे। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button