
राष्ट्र विभाजन के बयान पर माफी मांगे कांग्रेस : पीयूष
कांग्रेस सांसद के बयान पर माफी मांगे सोनिया : प्रह्लाद जोशी.सुरेश के बयान के लिए कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिएः रविशंकर.
नयी दिल्ली : राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्र विभाजन के बयान पर कांग्रेस को देशवासियों, देश और सदन से माफी मांगनी चाहिए।श्री गोयल ने सदन में सुबह कहा कि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के एक उपमुख्यमंत्री के भाई एवं दूसरे सदन के सदस्य राष्ट्र विभाजन की बात कर रहे हैं और उन्होंने इस संबंध में मीडिया में बयान दिया है। श्री गोयल ने कहा , “सदन के सदस्य संविधान और देश की एकता, अखंडता तथा संप्रभुता बनाए रखने की शपथ लेते हैं। कांग्रेस नेता का यह बयान इस शपथ का उल्लंघन है। इस संबंध में कार्रवाई की जानी चाहिए।
”उन्होंने कहा कि राष्ट्र विभाजन के बयान पर कांग्रेस को स्पष्टीकरण जारी करना चाहिए तथा इसकी कड़ी निंदा करनी चाहिए।इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और अखंडता पर खतरे को कभी भी सहन नहीं किया जा सकता। कांग्रेस पार्टी देश तोड़ने की बात कभी सहन नहीं करेगी। भारत कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एक है और इसे कोई भी नहीं तोड़ सकता।श्री खड़गे ने कहा कि बयान देने वाले नेता ने कहा है कि उन्होंने ऐसा नहीं कहा है। इसलिए इस मामले की जांच की जानी चाहिए।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोच्च है तथा इससे ऊपर कोई भी नहीं है।सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि इस मुद्दे पर पूरे सदन को एकजुट होना चाहिए और यह संदेश देना चाहिए कि राष्ट्रीय मुद्दे पर यह सदन एक है।
कांग्रेस सांसद के बयान पर माफी मांगे सोनिया : प्रह्लाद जोशी
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के अलग देश वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि यह मामला संसद की आचार समिति को सौंपा जाना चाहिए और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को इस मामले में देश से माफी मांगनी चाहिए।श्री जोशी ने आज लोकसभा में कहा कि यह मामला गंभीर है और कांग्रेस सांसद के देश को तोड़ने की बात की है। उनके इस बयान पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए,उनका कहना था कि देश के विभाजन संबंधी यह बयान बहुत आपत्तिजनक है और यह मामला आचार समिति को सौंपा जाना चाहिए ।
सुरेश के बयान के लिए कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिएः रविशंकर
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को तगड़ा प्रहार किया और कहा कि एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल कर रहे हैं और दूसरी ओर उनकी पार्टी के सांसद डी.के. सुरेश देश को तोड़ने की बात कह रहे हैं, जिसके लिए कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।श्री प्रसाद ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कर्नाटक से कांग्रेस के सांसद डी.के. सुरेश ने एक वक्तव्य दिया है कि बजट तथा अन्य कार्यक्रमों में कर्नाटक के साथ नाइंसाफी होती है, इसलिए हमें एक अलग देश की मांग करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि श्री गांधी देश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहें हैं, लेकिन कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री एवं कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के भाई देश को तोड़ने की बात कर रहें हैं। उनकी इस टिप्पणी पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे चुप हैं।(वार्ता)



