National

मेरा अपमान कर रही है कांग्रेस:धनखड़,टिप्पणी से नाराज सभापति

उप राष्ट्रपति पद का अपमान कर रही है कांग्रेस, मांगे माफी : जोशी

नयी दिल्ली : राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को सदन में कहा कि कांग्रेस उनका अपमान कर रही है और पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया एकाउंट से उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।श्री धनखड़ ने भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही शुरु करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम को संबोधित करते हुए कहा, “ इंस्टाग्राम पर, श्रीमान चिदम्बरम, आपकी पार्टी ने एक वीडियो डाला था जिसे बाद में हटा लिया गया, यह शर्मनाक है। आपने मुझे अपमानित करने, मेरा अपमान करने, एक किसान के रूप में मेरी पृष्ठभूमि का अपमान करने, एक जाट के रूप में मेरे पद का अपमान करने, सभापति के रूप में मेरे पद का अपमान करने के लिए (कांग्रेस) पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता के ट्विटर हैंडल का इस्तेमाल किया गया।

”विपक्षी शोर शराबे के बीच सभापति ने कहा, “ मैंने सदन स्थगित कर दिया है। लोगों के मन में इस संस्था के ख़िलाफ़ किस तरह की प्रतिक्रिया है, इसका अंदाज़ा आपको नहीं है और आज हमें इसका सबसे निचला स्तर देखने का मौक़ा मिला। श्री चिदम्बरम यहां हैं। श्रीमान चिदम्बरम आप बहुत वरिष्ठ सदस्य हैं। सोचिये कि मेरे दिल पर क्या गुजर रही होगी जब आपके एक वरिष्ठ नेता, एक सांसद द्वारा सभापति का मजाक उड़ाने की वीडियोग्राफी कर रहे थे जिसमें मुझ पर व्यक्तिगत हमला किया जा रहा था। संसद का एक वरिष्ठ सदस्य, दूसरे सदस्य की वीडियोग्राफी करता है। किस लिए? मैं आपको बताता हूं कि मुझे बहुत कष्ट हुआ है।”श्री धनखड़ ने कहा कि यह एक किसान और एक समुदाय का अपमान मात्र नहीं है, यह राज्यसभा के सभापति के पद का निरादर है। और वह भी एक ऐसी राजनीतिक पार्टी के सदस्य द्वारा जिसने इतने लंबे समय तक शासन किया हो।

सभापति पर टिप्पणी से धनखड़ नाराज

संसद की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों ने मंगलवार को लगातार चौथे दिन राज्यसभा में नारेबाजी और हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे, फिर अपराह्न दो बजे और भोजनावकाश के बाद तीन बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।सभापति जगदीप धनखड़ ने भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही शुरु करने के लिए आसन ग्रहण किया तो कांग्रेस समेत समस्त विपक्ष के सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गये और जोर-जोर से बोलने लगे। इस पर श्री धनखड़ ने कार्यवाही शुरु होते ही सदन की कार्यवाही अपराह्न तीन बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।

इस बीच कांग्रेस के किसी सदस्य ने सभापति पर कोई टिप्पणी कर दी जिससे श्री धनखड़ ने पुन आसन ग्रहण किया और कहा कि कांग्रेस के पी चिदंबरम वरिष्ठ सदस्य हैं, सभापति पर ऐसी टिप्पणियां नहीं होनी चाहिए। इस पर श्री चिदंबरम ने कुछ कहने का प्रयास किया तो श्री धनखड़ ने कहा कि सोशल मीडिया पर सभापति पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं और पीठ की गरिमा को तार-तार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मेरी पृष्ठभूमि पर टिप्पणियां हो रही है। किसान का अपमान हो रहा है। यह गंभीर मामला है। इस यह ठीक नहीं है। उन्होंने विपक्ष के एक सदस्य द्वारा सदन का वीडियो बनाने पर गहरी नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने दोबारा घोषणा की सदन की कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित की जाती है।इससे पहले सुबह के स्थगन के बाद 12 बजे जैसे ही सदन में पहुंचे विपक्षी सदस्यों ने जोर-जोर से बाेलते हुए अपनी मांग रखी।

सभापति ने सदस्यों के आचरण पर अफसोस जताते हुए कहा कि सदन में सदस्यों का आचरण बहुत नीचे गिर गया है और गिरावट की भी हद होती है। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि सदन के एक वरिष्ठ सदस्य दूसरे सदस्य की वीडियोग्राफी कर रहे हैं और आसन की नकल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत शर्मनाक आचरण है। विपक्षी सदस्य इस बीच जोर-जोर से अपनी बात रखते रहे। इसी बीच सभापति ने कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।सुबह भी विपक्षी सदस्यों के हंगामे और सदन में अव्यवस्था को देखते हुए सभापति ने कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी थी। इससे शून्यकाल और प्रश्नकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी।

उप राष्ट्रपति पद का अपमान कर रही है कांग्रेस, मांगे माफी : जोशी

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस तथा इंडी गठबंधन उप राष्ट्रपति पद का अपमान कर रहे हैं और उन्हें इसके लिए सभापति और राष्ट्र से क्षमायाचना करनी चाहिए।श्री जोशी ने सदन में बार-बार स्थगन के बाद शाम को एक वक्तव्य में कहा कि संसद भवन परिसर में तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की नकल उतार रहे थे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी उन्हें बढ़ावा दे रहे थे। श्री जोशी ने कहा कि यह किसान और उप राष्ट्रपति का अपमान हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस को राज्यसभा के सभापति और राष्ट्र से क्षमायाचना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार इस घटना की कड़ी निंदा करती है।(वार्ता)

संसद की घटना पर विपक्षी दलों के बयान खतरनाक: मोदी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button