
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने चित्रकूट गौरव दिवस का किया शुभारंभ
सीएम ने 111 करोड़ 65 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास.नर्मदा का पानी चित्रकूट लाकर मंदाकिनी को अविरल बनायेगी सरकार.साढ़े पांच लाख दीपों से जगमग हुई राम की तपोभूमि चित्रकूट.
चित्रकूट । पौराणिक तीर्थ के रूप में समूचे विश्व में विख्यात भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में पहली बार रामनवमीं को गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।कार्यक्रम में शिरकत करने आये मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान कामतानाथ के दर्शन-पूजन के बाद दीप जलाकर चित्रकूूट गौरव दिवस का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 111 करोड़ 65 लाख की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नर्मदा का पानी चित्रकूट लाकर पतित पावनी मंदाकिनी को अविरल बनाने का भरोसा दिलाया।
आदितीर्थ के रूप में समूचे विश्व में विख्यात भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में रविवार रामनवमीं का पर्व चित्रकूट गौरव दिवस के रूप में बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। भगवान श्रीकामतानाथ के दर्शन-पूजन कर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामनवमी पर तीर्थक्षेत्र में साढ़े पांच लाख दीए जलाए जाने के कार्यक्रम का किया। वहीं, लगातार मंदाकिनी नदी के जीर्णाेधार की हो रही मांग का बड़ा असर देखने को मिला।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चित्रकूट गौरव दिवस कार्यक्रम के मंच से बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मंदाकिनी नदी को हम नर्मदा नदी से जोड़ेंगे। साथ ही मझगंवा के पास करोड़ों रुपये की लागत से बड़ा बांध का निर्माण भी किया जाएगा। हमारे प्रयासों से दोनों बहनों नर्मदा और मंदाकिनी का मिलन होगा। हमारी सरकार मंदाकिनी नदी (पयस्वनी नदी) के जीर्णाेधार के लिए प्रतिबद्ध है। मंदाकिनी नदी की साफ सफाई के लिए भारत सरकार से मदद लेकर मध्य प्रदेश सरकार युद्ध स्तर पर कार्य करेगी। इन सामाजिक कार्यों में आम जन और संतों का सहयोग अपेक्षित है।
111 करोड़ 65 लाख के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चित्रकूट गौरव दिवस पर 111 करोड़ 65 लाख के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने थाना चित्रकूट को एक करोड़ 3 लाख की लागत से नवनिर्मित थाना भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 61 करोड़ 96 लाख 93 हजार लागत के 32 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 50 करोड़ 18 लाख 56 हजार रुपये लागत के 27 निर्माण और विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन किया।
साढ़े 5 लाख दीपों से जगमग हुई राम की तपोभूमि चित्रकूट
रामनवमी की शाम चित्रकूट तीर्थ क्षेत्र के भरतघाट, कामदगिरि परिक्रमा समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों,आश्रमों एवं शिक्षण संस्थाओं में साढ़े पांच लाख दीप जलाए गये। इसके साथ ही धर्म नगरी के लोग बढ़चढ़ कर दीपोत्सव मना भगवान श्रीराम का प्रकटोत्सव मना रहे है।(हि.स.)



