
कानून का उल्लंघन करने पर तुरंत करें कार्रवाई-मुख्यमंत्री
सभी पुलिस कर्मियों की छुट्टियां निरस्त, एसआरपीएफ की 87 कंपनियां और 30 हजार होमगार्ड तैनात
मुंबई । महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर को लेकर बुधवार से आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। राज्य में कानून व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य पुलिस को किसी के आदेश का इंतजार किए बिना कानून तोड़ने वालों पर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
राज्य में लाउडस्पीकर को लेकर सियासत उफान पर है। इससे राज्य में अमन शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था न बिगड़ने के लिए गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटील ने मंगलवार को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री ठाकरे से मुलाकात की और स्थिति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पुलिस को कानून का उल्लंघन करने वालों पर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने भी राज्य में पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए किसी के आदेश का इंतजार न किया जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य के पुलिस महानिदेशक रजनीश सेठ से भी टेलीफोन पर बातचीत की और राज्य के हालात का जायजा लिया।
गृहमंत्री वलसे पाटील के साथ हुई बैठक के बाद पुलिस महानिदेशक रजनीश सेठ ने बताया कि कानून व्यवस्था खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए महाराष्ट्र पुलिस के सभी अधिकारियों और जवानों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। एसआरपीएफ की 87 कंपनियां और 30 हजार होमगार्ड तैनात किए गए हैं। महाराष्ट्र पुलिस अलर्ट पर है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जो भी कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक हिंसा फैलाने के उद्देश से मैसेज, फ़ोटो, वीडियो पर सख्त पाबंदी होगी। सोशल मीडिया पर मुंबई पुलिस के साइबर सेल की पैनी नजर होगी।(हि.स.)



