बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र के मोहीपुरा के समीप नर्मदा नदी में आज सुबह डूबे चारों युवकों के शव ढूंढ लिए गए हैं। मृतकों में तीन गुजरात तथा एक मध्यप्रदेश का है।
उप पुलिस अधीक्षक कुंदन सिंह मंडलोई ने बताया कि एसडीडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर क्षेत्र के 24 वर्षीय असरार और 21 वर्षीय जुनैद तथा मध्यप्रदेश के धार जिले के मनावर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी जुबेर के शव ढूंढ लिए गए हैं। इसके पूर्व आज सुबह गुजरात के पाटन जिले के असरपुरा निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद किफ़ायतुल्लाह का शव घटना के कुछ देर बाद ही निकाल लिया गया था। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।(वार्ता)



