Varanasi

भाजपा 6 अप्रैल से आयोजित करेगी “सामाजिक न्याय सप्ताह”,नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा

  • बूथ सशक्तिकरण का कार्य 6अप्रैल से पहले पूर्ण करें भाजपा कार्यकर्ता: दिलीप सिंह पटेल (क्षेत्रीय अध्यक्ष)
  • काशी क्षेत्र के सभी सोलह संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक हुई संपन्न

वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी आगामी 6 अप्रैल, पार्टी के स्थापना दिवस से सप्ताहव्यापी कार्यक्रम आयोजित करेगी उक्त आशय का निर्णय लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों की बुधवार को देर रात तक चली बैठक में लिया गया। उक्त आशय की जानकारी भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने आज रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए दी।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी 6 से 14 अप्रैल तक सामाजिक न्याय सप्ताह के रूप में मनाएगी। कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। जिला कार्यालय पर झंडारोहण होगा। बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर के सभी पदाधिकारियों के घरों पर भाजपा का झंडा लगाया जाएगा। कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कहा कि इस कार्यक्रम को सुनने के लिए बूथ, शक्ति केंद्र व मंडल स्तर पर एलइडी स्क्रीन पर कार्यकर्ताओं को सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। कहा कि क्षेत्र व जिला स्तर पर इस कार्यक्रम की मानिटरिंग की जाएगी

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि 11अप्रैल को प्रसिद्ध समाज सुधारक ज्योतिबा फुले का जन्मदिवस बूथों पर मनाया जाएगा। इस दिन सभी बूथों पर ज्योतिबाफुले के चित्र पर माल्यार्पण कर समाज के प्रति उनके द्वारा किए गए योगदान को याद किया जाएगा एवं सरकार द्वारा पिछड़ी जातियों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों की चर्चा की जाएगी। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती 14 अप्रैल को पार्टी सामाजिक समरसता दिवस के रुप में मनाएगी। कहा कि इस दिन अम्बेडकर प्रतिमा के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर बाबा साहेब को माल्यार्पण कर देश के प्रति उनके योगदान की चर्चा की जाएगी।

आगामी संगठनात्मक कार्यों की चर्चा करते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी का बूथ सशक्तिकरण अभियान चल रहा है,हम सबको “मेरा बूथ सबसे मजबूत की तर्ज पर काम करते हुए अपने बूथ को मजबूत करना है।कहा कि सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए जिन बूथों पर ग्यारह सदस्यों की समिति के गठन का कार्य अब तक नहीं हुआ है वहां बूथ समिति के गठन की प्रक्रिया 6 अप्रैल के पूर्व शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। कहा कि सभी बूथों पर पन्ना प्रमुखों की भी जिम्मेदारी तय की जाए इसके लिए आवश्यक है कि वोटर लिस्ट के जिन पन्नों पर उनका नाम हो उसे ही पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी जाए। कहा कि बूथ समिति एवं पन्ना प्रमुख के डाटा को सरल एप पर निश्चित समयावधि में अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।

क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी ने नगर निकाय चुनाव की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यों के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर पार्टी नगर निकाय चुनाव में जनता के बीच जाएगी और यही भाजपा की जीत का आधार बनेगी। क्षेत्रीय महामंत्री संतोष पटेल ने कहा कि अप्रैल माह में पीएम मोदी की “मन की बात” का 100 वां संस्करण (एपिसोड) होने वाला है इसके लिए पार्टी ने तय किया है मन की बात के इस सौ वें संस्करण को शत प्रतिशत बूथों पर सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरुरत मंदों तक पहुंचाएं। कहा कि जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करें।

बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने व धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं एमएलसी निर्मला पासवान ने किया। बैठक में प्रदेश मंत्री मीना चौबे, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी, संतोष पटेल, नागेंद्र रघुवंशी, अमरनाथ यादव, अशोक तिवारी, राजेश राजभर, आशीष सिंह बघेल, डॉ सुदामा पटेल,प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, श्रीप्रकाश शुक्ला, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, उदय प्रताप सिंह पप्पू, नंदजी पांडेय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button