State

भाजपा की नेता सोनाली फोगाट का निधन

चंडीगढ़ : हरियाणा के हिसार जिले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं अभिनेत्री सोनाली फोगाट का गोवा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।फोगाट 42 वर्ष की थीं। वह अपने कुछ कर्मचारियों के साथ गोवा के दौरे पर थीं।सूत्रों ने बताया कि बेचैनी की शिकायत के बाद सोमवार की रात उन्हें उत्तरी गोवा जिले के अंजुना स्थित सेंट एंथनी अस्पताल ले जाया गया।पुलिस उपाधीक्षक (मापुसा) जीवबा दलवी ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा, ‘‘ प्रथम दृष्टया पता चला है कि मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना है, लेकिन अन्य चिकित्सकीय जांच जारी है।’’

अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम बंबोलिम में सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में किया जाएगा।भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख ओ.पी. धनखड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ उनका निधन हो गया है। मुझे बताया गया है कि वह गोवा में थीं।’’भाजपा के हिसार जिले के अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र ने कहा, ‘‘ सोनाली गोवा में थीं। मैंने उनके सहायक से बात की है और उन्होंने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है।’’‘टिकटॉक’ एप पर वीडियो बनाने के लिए मशहूर फोगाट ने 2019 में कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाई थीं।बिश्नोई तब कांग्रेस में थे। हाल ही में वह भाजपा में शामिल हो गए।2016 में सोनाली के पति संजय फोगाट भी फार्म हाउस में मृत मिले थे।

सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह हिसार दूरदर्शन के लिए एंकरिंग करती थीं। दो साल बाद 2008 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली। 2019 में भाजपा की टिकट पर आदमपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। सोनाली पंजाबी और हरियाणवी फिल्में, म्यूजिक वीडियोज कर चुकी थी। उन्होंने साल 2019 में फिल्म छोरियां छोरों से कम नहीं होती में काम किया था। यह उनकी पहली फिल्म थी। बिग बॉस के दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि उनके पति के निधन के बाद बहुत से लोगों ने उनका मानसिक उत्पीड़न करने की कोशिश की थी। उस समय वे काफी अकेली पड़ गई थीं।

सोनाली किसान आंदोलन के दौरान अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में रही थीं। उन्होंने किसान आंदोलन पर कहा कि कृषि कानून किसानों के फायदे के लिए हैं। किसानों को बरगलाया गया है। केंद्र सरकार को चाहिए कि खुले दिल से इन पर चर्चा करे ताकि किसान इन कानूनों का महत्व समझ सकें। पिछले साल एक अधिकारी को चप्पल मारते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था, जिससे वह चर्चा में आईं। वहीं एक गांव में संबोधन के दौरान भी विवादित टिप्पणी के कारण वह चर्चा में रही थीं।पिछले दिनों वे आदमपुर के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने पर काफी नाराज दिखी थीं।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button