Varanasi

स्ट्रीट वेंडर्स को समस्या नहीं, अर्थव्यवस्था की ताकत मानें: अशोक चौरसिया

वाराणसी के गोलघर, मैदागिन स्थित पराड़कर स्मृति भवन में राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ की ओर से भाजपा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। समारोह में स्ट्रीट वेंडर्स की समस्याओं, रोजगार और आजीविका के अधिकार पर चर्चा हुई। अशोक चौरसिया ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण और क्रेडिट कार्ड सुविधा की जानकारी दी। कार्यक्रम में व्यवसायियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

वाराणसी : राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ की ओर से रविवार को गोलघर, मैदागिन स्थित पराड़कर स्मृति भवन में भाजपा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव और अमित राय, क्षेत्र मंत्री जगदीश त्रिपाठी, क्षेत्र विभाग एवं प्रकोष्ठ प्रभारी उत्तम ओझा क्षेत्र कार्यसमिति सदस्य अनिल गुप्ता तथा सीए प्रमोद सिंह का पुष्पगुच्छ, पटका और टोपी पहनाकर स्वागत व सम्मान किया गया।

समारोह में काशी के विभिन्न क्षेत्रों से आए राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ से जुड़े प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने फेरी-पटरी एवं ठेला व्यवसायियों की समस्याओं, चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा करते हुए कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स को समस्या नहीं, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में देखा जाना चाहिए। शहर को व्यवस्थित रखने के साथ उनके रोजगार और आजीविका के अधिकार का संरक्षण भी जरूरी है।

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेहड़ी, पटरी और ठेला व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि योजना के तहत बिना गारंटी 15 हजार, 25 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक ऋण की सुविधा दी जा रही है तथा स्ट्रीट वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। वेंडिंग जोन के माध्यम से पक्की दुकानों की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के बड़े वर्ग के सामर्थ्य को बढ़ाने का काम किया है। केंद्र सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर युवा, महिला, किसान सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान और अंतिम व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय फेरी-पटरी एवं ठेला व्यवसायियों तथा संगठन से जुड़े महिला-पुरुष प्रतिनिधियों को उनके योगदान के लिए अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यवसायियों ने कहा कि उनके श्रम और संघर्ष को सार्वजनिक मंच पर सम्मान मिलना गौरव की बात है। इस अवसर पर राष्ट्र के प्रथम स्वच्छता शहीद स्व. प्रमोद कुमार निगम की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता अनूप कुमार श्रीवास्तव ने की। संयोजक डॉ. गौरव प्रकाश, स्वागताध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार और सविता सिंह रहे। धन्यवाद ज्ञापन मनोज कुमार ने किया, जबकि संचालन महासचिव अभिषेक निगम ने किया।

‘संगठन पहले’ के मंत्र के साथ भाजपा की नई तैयारी, हर कार्यकर्ता को जोड़ने पर जोर

अखिलेश यादव ने उठाया काशी के जलभराव का मुद्दा, महापौर बोले- ‘सीवर में बोरी किसने डाली, CCTV बताएगा’

Related Articles

Back to top button