Varanasi

देव दीपावली की तैयारियों का महापौर ने किया निरीक्षण, घाटों के डार्क जोन खत्म करने के निर्देश

वाराणसी में देव दीपावली की तैयारियों को लेकर नगर निगम सक्रिय है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट से नमो घाट तक नाव से निरीक्षण कर प्रकाश व्यवस्था, सफाई और सुरक्षा का जायजा लिया। कई घाटों पर अंधेरे क्षेत्र मिलने पर तत्काल लाइट लगाने के निर्देश दिए। गंगा पार डोमरी के मियावाकी वन क्षेत्र में फ्लड लाइट लगाने को भी कहा।

​वाराणसी : आगामी देव दीपावली पर्व को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए नगर निगम तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। घाटों पर सजावटी लाइटिंग, झालरों और फ्लड लाइटिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी क्रम मे रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट से नाव के माध्यम से नमो घाट तक गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान करीब आधा दर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिली, जिस पर महापौर ने तत्काल डार्क जोन खत्म कराने के निर्देश दिए।

​निरीक्षण के दौरान मानसरोवर घाट, राजा घाट, पांडेय घाट, बलुआघाट, ब्रह्मा घाट, हनुमानगढ़ी घाट और मणिकर्णिका घाट के बगल वाले हिस्से में रोशनी का अभाव पाया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर तुरंत समुचित प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। साथ ही उन्होंने नमो घाट के उस पार गंगा पार डोमरी क्षेत्र में, जहां मियावाकी वन लगाया गया है, वहां फ्लड लाइट लगाने के निर्देश दिए। सभी घाटों पर स्वच्छ काशी, सुंदर काशी के बैनर लगाने व संदेश लिखवाने का भी निर्देश दिया गया। ​

नाव से भ्रमण के दौरान महापौर ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता को लेकर घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। ​इस अवसर पर नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त विनोद गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता खुरेश चंद्र सहित नगर निगम के अन्य अधिकारीगण और क्षेत्रीय पार्षद उपस्थित रहे।

ओटीएस में 14 दिसंबर तक करें आवेदन, 15 जनवरी 2027 तक जमा होगा संपत्तिकर

एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने से वंचित रह गए भवन स्वामियों के पास अभी भी अवसर है। निर्धारित समय-सीमा के अनुसार, पात्र भवन स्वामी ब्याज पर छूट का लाभ लेने के लिए 14 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि ओटीएस के तहत संपत्तिकर जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।

ओटीएस की परिधि में कुल एक लाख भवन शामिल हैं। अब तक कुल 33,906 भवन स्वामियों ने योजना के तहत अपना आवेदन कराया है। इनमें से अब तक 5,340 भवन स्वामियों ने अपने भवन का 11.96 करोड़ रुपये की धनराशि नगर निगम के खाते में जमा कराई है, जबकि बड़ी संख्या में आवेदकों द्वारा राशि जमा किया जाना अभी शेष है।

नगर आयुक्त शाश्वत तिरूपुरी ने बताया कि बकायेदारों को एसएमएस, फोन कॉल और चैटबॉट आदि माध्यमों से लगातार रिमाइंडर भेजकर सचेत किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भवन स्वामी तय समय-सीमा के भीतर अपना बकाया कर जमा नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध मकान व संपत्ति कुर्की जैसी कठोर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। ऐसे में विधिक कार्रवाई से बचने के लिए भवन स्वामी समय रहते ओटीएस का लाभ उठाकर अपना कर जमा करें।

आपके सामने पूरा आसमान है, बड़े सपने देखिए और अपने हुनर से उन्हें साकार कीजिए: प्रधानमंत्री

Related Articles

Back to top button