Politics

अमित शाह ने 2024 में भाजपा को दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में वापस लाने का किया आह्वान

पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बिहार के लोगों से श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दो-तिहाई बहुमत के साथ भाजपा की सत्ता में पुनः वापसी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।श्री शाह ने यहां बापू सभागार में अपनी पार्टी की ओर से स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती पर आयोजित ‘किसान-मजदूर समागम’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश के किसानों के हित में बहुत काम किया है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी की किसानों के प्रति गहरी चिंता रहती है इसलिए कृषि के लिए बजटीय आवंटन को सवा लाख करोड़ रुपये तक कर दिया है। वहीं, इससे पहले वर्ष 2014 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में इसके लिए केवल 25 हजार करोड़ रुपये ही था ।केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में किसानों को सहायता के रूप में हर साल 6000 रुपये दे रही है । इस योजना के तहत अब तक 12 किस्तों में कुल 2.25 लाख करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि श्री लालू प्रसाद यादव के पुत्र कह रहे थे कि बिहार को यूरिया नहीं दिया गया जबकि बिहार को डेढ़ गुना ज्यादा यूरिया भेजा गया है।

श्री शाह ने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हाथ मिलाकर बड़ी गलती की है और वह राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के हाथों गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि 2005 में भाजपा और जदयू ने जंगल राज के खिलाफ संयुक्त रूप से लड़ाई लड़ी थी और उस समय राजद के ‘जंगलराज’ के शासन को उखाड़ फेंका था। अब श्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने का अपना सपना पूरा करने के लिए उसी जंगलराज के प्रणेता श्री लालू प्रसाद यादव की गोद में जा बैठे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में जंगल राज के दूसरे चरण को खत्म करने के लिए लोगों को भाजपा का समर्थन करने का समय आ गया है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button