गंगापार कोदोपुर में 350 बीघा में बनेगा भव्य योगा व वेलनेस सेंटर
वाराणसी नगर निगम गंगापार के डोमरी (कोदोपुर) क्षेत्र में 350 बीघा में आधुनिक योगा एवं वेलनेस सेंटर विकसित करेगा। परियोजना में 60 मीटर चौड़ा पाथवे, योगा पार्क, ओपन जिम, हरित क्षेत्र और छठ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं शामिल होंगी। इससे गंगापार क्षेत्र पर्यटन, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का नया केंद्र बनेगा।
वाराणसी : नगर निगम गंगापार कोदोपुर (डोमरी) क्षेत्र में लगभग 350 बीघा में एक भव्य योगा एवं वेलनेस सेंटर विकसित करेगा। निगम की इस पहल से न केवल गंगापार क्षेत्र का कायाकल्प होगा, बल्कि यह स्थल काशी के नए टूरिज्म और वेलनेस हब के रूप में उभरेगा। निगम इस प्रोजेक्ट की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के प्रयास में जुटा हुआ है।
गंगापार के इस विशाल भूभाग को पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के आधुनिक केंद्र के रूप में संवारा जाएगा। इस क्रम में शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस योजना के तहत यहां 350 बीघा के दायरे में 60 मीटर चौड़ा एक भव्य पाथवे (टहलने के लिए मार्ग) तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही एक विशाल योगा पार्क और ओपन जिम की स्थापना की जाएगी, जहां काशीवासी और बाहर से आने वाले श्रद्धालु व पर्यटक प्राकृतिक माहौल में योग और व्यायाम कर सकेंगे। पूरे परिसर में व्यापक पौधरोपण कर इसे ग्रीन जोन के रूप में विकसित करने की तैयारी है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने डोमरी क्षेत्र में छठ व्रतियों के लिए उत्तम व्यवस्था कराने, पर्याप्त प्रकाश, चेंजिंग रूम और पेयजल जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित कराने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
“काशी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंगापार कोदोपुर (डोमरी) में 350 बीघा में बनने जा रहा यह योगा एवं वेलनेस सेंटर शहरवासियों को एक सेहतमंद माहौल प्रदान करेगा। यहां 60 मीटर चौड़ा पाथवे, ओपन जिम और योग की सुविधाओं के साथ-साथ छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं दी जाएंगी।
-अशोक कुमार तिवारी, महापौर
कार्यकारिणी की बैठक अब चार अगस्त को
नगर निगम कार्यकारिणी की एक अगस्त को होने वाली बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है । महापौर अशोक कुमार तिवारी के निर्देशानुसार अब यह बैठक चार अगस्त 2026 को अपराह्न दो बजे स्मार्ट सिटी सभागार कक्ष में होगी ।
आज से शुरू होगा ‘स्वच्छता से संस्कार अभियान’, महापौर अशोक कुमार तिवारी करेंगे शुभारंभ
नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था के अंतर्गत नागरिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। स्वच्छता से संस्कार अभियान नामक यह विशेष अभियान एक अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का औपचारिक शुभारंभ एक अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे भारतीय शिक्षा मंदिर, इंग्लिशिया लाइन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर अशोक कुमार तिवारी होंगे। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना योगदान दें। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत यह अभियान शहरवासियों में स्वच्छता को आदतों और संस्कारों में ढालने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खुले में मांस बेच रहे थे, नगर निगम ने ठोका 20 हजार का जुर्माना



