State

प्रधानमंत्री मोदी ने घुटने के बल बैठकर तीन बार किया सभा के लिए जुटे लोगों को नमन

सिरोही । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार रात आबूरोड पहुंचे। उन्होंने जनसभा में आई जनता को घुटने के बल बैठकर तीन बार नमन किया। उन्होंने कहा कि वे इस प्यार को सूद समेत वापस लौटाएंगे। रात के दस बजने के कारण उन्होंने लाउड स्पीकर पर सभा को संबोधित नहीं किया। मोदी गुजरात के अंबाजी में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के बाद कार से आबूरोड पहुंचे। करीब 21 किमी के इस रास्ते में जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ रही। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने उनका अभिवादन किया। यह पूरा रास्ता आदिवासी क्षेत्र है। ऐसे में ज्यादातर लोगों में आदिवासी समुदाय के लोग शामिल रहे।

आबूरोड शहर में प्रवेश के बाद पूरे रास्ते में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस पूरे रास्ते को रोशनी से सजाया गया था। लोग सड़क के दोनों ओर खड़े रहे और जयकारे लगाते रहे। कई जगहों पर भाजपा की ओर से केंद्र सरकार से जुड़ी योजनाओं की झांकी भी सजाई गई थी। अंबाजी से आबूरोड के बीच सियावा में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आबूरोड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। यहां एसपीजी के अलावा पुलिस के 2500 से अधिक जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। मानपुर हवाई पट्टी पर बनाए गए सभा स्थल पर भी लोगों को भारी जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। पूरे शहर में यातायात को डायवर्ट किया गया और जगह-जगह बेरिकेड्स लगाए गए थे।

गौरतलब है कि गुरुवार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन गुजरात के दौरे पर हैं। शुक्रवार को उनके दौरे का दूसरा दिन रहा। शाम को वे गुजरात के प्रमुख शक्ति पीठ अंबाजी धाम पहुंचे। यहां दर्शन के बाद वे पहाड़ी पर स्थित गब्बर तीर्थ पहुंचे और महाआरती में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने यहां कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें आबूरोड से गुजरात के तारंगा हिल तक नया रेलवे ट्रैक भी शामिल है। जो वाया अंबाजी होकर गुजरेगा।

मोदी के आने से पहले केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में गहलोत सरकार ने विकास ठप कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि देश में 2014 में राजनीतिक क्रांति हुई, जिसने कांग्रेस का नामों-निशान मिटा दिया। मंच पर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्रसिंह राठौड़, पाली सांसद पीपी चौधरी, जालोर सिरोही सांसद देवजी पटेल मौजूद रहे।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button