State

विधायक अमानतुल्लाह के करीबियों पर तीन अलग-अलग एफआईआर

नई दिल्ली । दिल्ली वक्फ बोर्ड में हुए घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह खान के करीबियों पर जामिया नगर थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहले मामले में एसीबी अधिकारियों ने विधायक की पत्नी सफिया खान, बेटे, भाई एवं अन्य पर बंधक बनाकर मारपीट करने, धक्का-मुक्की और सरकारी कागजात छीनने का आरोप लगाया है।

एसीबी के इंस्पेक्टर की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, ड्यूटी के दौरान हमला करने, बंधक बनाने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दो अन्य मामले विधायक के करीबी एवं बिजनेस पार्टनर हामिद अली खान और कौसर इमाम सिद्दीकी उर्फ लड्डन के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। दोनों के खिलाफ अवैध हथियार एवं कारतूस रखने का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने हामिद अली खान (54) को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में एसीबी के दो एएसआई को मामूली चोटें आई थीं।

एसीबी में तैनात इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह एसीपी राजेंद्र कुमार, महिला एसआई लीला डबराल, एएसआई चार्ली, दलजीत सिंह रंधावा एवं अन्य के साथ जोगाबाई एक्सटेंशन स्थित विधायक के घर तलाशी के लिए पहुंचे। पहली मंजिल पर दरवाजा खटखटाने पर विधायक के भाई ने दरवाजा खोला। इस बीच विधायक खान की पत्नी सफिया खान भी वहां आ गईं। कागजात दिखाने के बाद घर की तलाशी की बात की गई तो विधायक की पत्नी भड़क गईं।

उन्होंने अपने बेटे को आवाज देखकर लोगों को इकट्ठा करने के लिए कहा। कुछ ही देर में विधायक के घर के बाद 40-50 लोग इकट्ठा हो गए। इन लोगों ने जबरन टीम को बाहर निकालकर धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी। बाद में विधायक के घर के नीचे बने बेसमेंट में बंधक बना लिया। करीब 15-20 मिनट वहां बंधक बनाकर टीम के साथ बदसलूकी की गई। उनसे एक लिफाफा और फाइल छीन ली गई। बाद में जामिया नगर थाना पुलिस वहां पहुंची तो उनको सुरक्षित बचाया गया। मारपीट और हमले में एएसआई चार्ली और दलजीत सिंह रंधावा को चोट लगी। मारपीट में जुहैब खान व आरिज खान नामक लोगों के नाम पता चले। बाकी लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

कौसर इमाम सिद्दीकी उर्फ लड्डन के घर से मिली देसी पिस्टल व तीन कारतूस

एसीबी के इंस्पेक्टर राजेश सिन्हा ने बताया कि विधायक के करीबी और पार्टनर कौसर इमाम सिद्दीकी के यहां छापा मारा गया। उस समय वह घर पर नहीं मिला। टीम को घर से 7.65 बोर की एक देसी पिस्टल व तीन कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में जामिया नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। बाद में पुलिस ने पिस्टल कब्जे में लेकर कौसर इमाम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। फिलहाल कौसर इमाम फरार है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि विधायक अमानतुल्लाह को शुक्रवार पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बाद में उनको गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की टीम ने विधायक एवं उनके करीबियों के घर पर छापेमारी की। चार जगह हुई छापेमारी के बाद टीम ने हथियारों के अलावा 24 लाख रुपये भी बरामद किए। 12 लाख हामिद अली एवं 12 लाख कौसर इमाम के यहां से बरामद हुए।

विधायक ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताया

कोर्ट में पेशी के दौरान आप विधायक अमानतुल्लाह ने खुद को बेकसूर बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी को बदनाम करने की नीयत से ऐसा किया जा रहा है। जो एफआईआर उनके खिलाफ दर्ज की गई है, उसमें दम नहीं है। उनके घर से भी एसीबी को कुछ नहीं मिला है। विधायक ने हामिद अली और कौसर इमाम को अपना करीबी होने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि वह उनके बिजनेस पार्टनर नहीं हैं। हथियार मिलने की बात से भी विधायक ने खुद का पलड़ा झाड़ा है। वहीं, एसीबी टीम पर हमले की बात को विधायक की पत्नी सफिया खान ने गलत बताया है। उनका का कहना है कि वीडियो से इसकी पुष्टि की जा सकती है। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि टीम को उनके घर से कुछ नहीं मिला है। सफिया ने मीडिया पर आरोप लगाया कि उनको बदनाम करने की नीयत से गलत खबरें दिखाई जा रही हैं।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button