
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तीन दिन से हो रही बरसात के बीच राजधानी लखनऊ के कैंट स्थित दिलकुशा कॉलोनी में गिरी निर्माणाधीन दीवार के मलबे में दबकर तीन बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई। दो की हालत बेहद गंभीर है, जिन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें देररात रेस्क्यू किया गया। डीएम और पुलिस के अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना।
जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने अस्पताल प्रशासन से बताया है कि मृतकों में मूल रूप से झांसी के पप्पू (50), उनकी पत्नी मानकुंवर देवी (45), बेटा प्रदीप (28), बहू रेशमा (25),, पौत्री नैना उर्फ भारती (01), धर्मेन्द्र (28) और उसकी पत्नी चंदा (25) के अलावा दो बच्चे है हैं। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जिलाधिकारी के मुताबिक जांच में सामने आया है कि यहां पर कुछ मजदूर सीमेंट वाली ईंट को मिट्टी से जोड़कर दीवार बनाए थे। उसी के सहारे झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से गुरुवार आधीरात बाद तीन बजे दीवार ढह गई। हादसा आर्मी कैंट के पास हुआ। सेना के जवान मौके पर पहुंचे और सभी को रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।जिलाधिकारी ने बताया कि पीड़ित परिवारों मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।(हि.स.)
दीवार गिरने से हुई दुर्घटना पर योगी ने दुख व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में तेज बारिश के दौरान शुक्रवार को एक दीवार गिरने से नौ लोगों की मौत होने और दो अन्य के घायल होने की घटना पर संज्ञान लेते हुए इस दुर्घटना में हताहत हुए लोगों को उपचार एवं अन्य सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में योगी ने इस घटना में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है।
उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश देते हुए द्रुत गति से राहत एवं बचाव कार्य करने को कहा।योगी ने राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 4 -4 लाख रुपये की राहत राशि देने एवं सभी घायलों का समुचित उपचार कराये जाने के निर्देश दिये हैं। गौरतलब है कि लखनऊ कैंट के दिलकुशा इलाके में एक निर्माणाधीन दीवार के गिरने से नौ लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये हैं।(वार्ता)



