
दूरसंचार कंपनियों को जारी किये गए 5जी स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र, जल्द होगी लॉन्चिंग
अश्विनी वैष्णव ने 5जी सर्विस की लॉन्चिंग तैयारी में तेजी लाने को कहा
नई दिल्ली । देश में हाई स्पीड की इंटरनेट सेवा मुहैया कराने के लिए 5जी सर्विस लॉन्च करने की उलटी गिनती की शुरुआत हो गई है। दूरसंचार विभाग (डॉट) ने इसके लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) को 5जी स्पेक्ट्रम के आवंटन पत्र जारी कर दिए हैं।दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को निजी क्षेत्र की दूरसंचार सेवा प्रदाताओं से 5जी सर्विस की लॉन्चिंग तैयारी में तेजी लाने को कहा। उन्होंने इन कंपनियों को स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र जारी करने के बाद यह बात कही। दरअसल डॉट ने पहली बार उसी दिन स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र जारी किए हैं, जिस दिन सफल बोलीदाताओं ने अपना अग्रिम भुगतान किया है।
डॉट को 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी में शामिल निजी क्षेत्र की दूरसंचार सेवा प्रदाताओं भारती एयरटेल, रिलायंस जियो, अडाणी डेटा नेटवर्क्स और वोडाफोन आइडिया से लगभग 17,876 करोड़ रुपये मिले हैं। अन्य सभी दूरसंचार परिचालकों ने 20 सालाना किश्तों में भुगतान का विकल्प चुना है, जबकि भारती एयरटेल ने 4 सालाना किश्तों के बराबर 8,312.4 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। दूरसंचार विभाग के मुताबिक देश में सबसे पहले 13 शहरों में 5जी सर्विस की शुरुआत होगी। इन शहरों में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, अहमदाबाद, गुरुग्राम, चंडीगढ़, गांधीनगर, हैदराबाद, जामनगर, पुणे और लखनऊ शामिल हैं। इससे पहले 5जी को लेकर सभी ट्रायल पूरी तरह सफल रहे हैं।
एयरटेल को 5जी स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र मिला, सुनील मित्तल ने की तारीफ
दूरसंचार विभाग (डॉट) को अग्रिम भुगतान करने के कुछ घंटों के भीतर ही भारती एयरटेल को 5जी का स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र मिल गया। भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने गुरुवार को यह जानकारी दी।मित्तल ने जारी एक बयान में कहा कि यह पहली बार है, जब दूरसंचार विभाग (डॉट) ने अग्रिम भुगतान करने के दिन ही स्पेक्ट्रम आवंटन का पत्र सौंप दिया। उन्होंने बताया कि एयरटेल ने 5जी स्पेक्ट्रम के लिए 8,312.4 करोड़ रुपये का भुगतान किया और कुछ घंटों के भीतर निर्दिष्ट फ्रीक्वेंसी बैंड के लिए आवंटन पत्र दे दिया गया।उन्होंने कहा कि वादे के मुताबिक स्पेक्ट्रम के साथ ई-बैंड का आवंटन किया गया। कोई कमी नहीं, कोई देरी नहीं। सत्ता के गलियारों का कोई चक्कर नहीं और कोई लंबा दावा नहीं। कारोबारी सुगमता पूरी तरह प्रभावी है। मित्तल ने कहा कि डीओटी के साथ मेरे 30 साल से ज्यादा साल के अनुभव में ऐसा पहली बार है। व्यवसाय ऐसा होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि उद्योग जगत के दिग्गज कारोबारी सुनील भारती मित्तल की कंपनी भारती एयरटेल ने 5जी स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए 43,039.63 करोड़ रुपये की सफल बोली लगाई है। इसके लिए एयरटेल ने दूरसंचार विभाग को 8,312.4 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। एयरटेल ने यह राशि 4 साल की किस्त के अग्रिम भुगतान के रूप में जमा करवाई है। डीओटी को भारती एयरटेल, रिलायंस जियो, अडाणी डेटा नेटवर्क्स और वोडाफोन आइडिया से लगभग 17,876 करोड़ रुपये मिले हैं। हालांकि, एयरटेल को छोड़कर अन्य सभी दूरसंचार परिचालकों ने 20 वार्षिक किश्तों में भुगतान का विकल्प चुना है।(हि.स)।



